Dongargarh RPF News: राजनांदगांव। टाटा-इतवारी एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्री का लैपटॉप बैग चोरी करने वाले आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 1.56 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी रायपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी निकला, जो पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है।

आरपीएफ के अनुसार, 30 जून को गाड़ी संख्या 18109 टाटा-इतवारी एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 में यात्रा कर रहे यात्री का लैपटॉप बैग चोरी होने की शिकायत रेल मदद और जीआरपी इतवारी के माध्यम से प्राप्त हुई। चोरी गए बैग में लैपटॉप, रेडमी मोबाइल फोन, घड़ी, माउस, चार्जर और हार्ड डिस्क समेत कुल 1.56 लाख रुपये का सामान था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में आरपीएफ डोंगरगढ़ ने विशेष टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, डोजियर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की पहचान की। शिकायतकर्ता से बैग और संदिग्ध की पुष्टि कराने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई।
खुफिया सूचना के आधार पर आरपीएफ डोंगरगढ़, सीआईबी भिलाई और अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम ने रायपुर के महोबा बाजार, आमानाका क्षेत्र में दबिश देकर विक्की सहानी (22 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से चोरी गया लैपटॉप, रेडमी मोबाइल, घड़ी, माउस, मोबाइल एवं लैपटॉप चार्जर तथा हार्ड डिस्क सहित एफआईआर में दर्ज पूरा चोरीशुदा सामान बरामद कर लिया गया। शिकायतकर्ता ने मोबाइल के माध्यम से बरामद सामान की पहचान भी कर ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं और रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत भी एक प्रकरण दर्ज है। वह रायपुर और बिलासपुर केंद्रीय जेल में विभिन्न मामलों में सजा भी काट चुका है।
आरपीएफ ने आरोपी और बरामद संपत्ति को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना डोंगरगढ़ के सुपुर्द कर दिया है। मामले में अपराध क्रमांक 18/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) में प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना रेलवे हेल्पलाइन या रेल सुरक्षा बल को दें।
















