नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद 288 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर से छत्तीसगढ़ में भी चिंता बढ़ गई है। लापता भारतीय नागरिकों में अंबिकापुर के वरिष्ठ नेता करताराम गुप्ता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। डॉ. मीना गुप्ता ब्रिटेन में चिकित्सक के तौर पर सेवाएं दे रही थीं।
इस खबर के सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने डॉ. मीना गुप्ता के परिवार से संवेदना जताते हुए उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
डॉ. मीना गुप्ता की तलाश जारी
नेपाल में बाढ़ और उसके बाद बने हालात के बीच बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर है। इनमें छत्तीसगढ़ से जुड़ी डॉ. मीना गुप्ता का नाम सामने आने के बाद उनके परिवार और परिचितों में चिंता का माहौल है। परिवार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहा है।
मंत्री ने परिवार को दिया भरोसा
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि इस कठिन और चिंताजनक परिस्थिति में डॉ. मीना गुप्ता का परिवार अकेला नहीं है। उन्होंने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार परिवार के साथ खड़ी है और उपलब्ध माध्यमों से जरूरी मदद पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने क्या कहा ?
उन्होंने बताया कि डॉ. मीना गुप्ता की स्थिति और उनकी सुरक्षित वापसी के संबंध में नेपाल स्थित भारतीय दूतावास तथा संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है. मंत्री ने बताया कि उन्होंने भी इस मामले में तत्काल विदेश मंत्रालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी साझा करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है. मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराई गई ई-मेल आईडी कर्ताराम गुप्ता को उपलब्ध कराई गई है, ताकि डॉ. मीना गुप्ता से संबंधित सभी आवश्यक विवरण विदेश मंत्रालय तक पहुंचाए जा सकें और उनकी तलाश व सुरक्षित वापसी के प्रयासों को आवश्यक मिल जानकारी सके.
भारत के 288 से ज्यादा नागरिक लापता
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद 288 से अधिक भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबर बेहद चिंताजनक और पीड़ादायक है. इनमें अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता जी भी शामिल हैं. उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हम लगातार नेपाल स्थित भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं. मैंने भी तत्काल विदेश मंत्रालय से संपर्क कर आवश्यक जानकारी साझा करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है. उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रत्येक लापता व्यक्ति के परिवार की चिंता और व्याकुलता को समझा जा सकता है. प्रशासनिक व राजनयिक स्तर पर उपलब्ध माध्यमों के जरिए आवश्यक जानकारी साझा कर डॉ. मीना गुप्ता सहित सभी लापता भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं. ईश्वर से मेरी प्रार्थना है कि डॉ. मीना गुप्ता जी सहित बाढ़ में फंसे सभी लोग सकुशल हों और जल्द से जल्द अपने परिवारों के बीच वापस लौटें. हम सभी उनके सुरक्षित लौटने की कामना कर रहे हैं. मंत्री ने आशा व्यक्त की कि राहत व बचाव कार्यों के साथ लापता लोगों की तलाश के प्रयासों में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और डॉ. मीना गुप्ता सहित सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित अपने परिजनों के बीच लौट सकेंगे.


















