ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग

82 उद्योगों की बिजली कटी, 232 पर तीन करोड़ से अधिक का जुर्माना

रायपुर। पर्यावरण संरक्षण के लिए छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए अब तक 82 उद्योगों की बिजली कटवा दी है, जबकि 232 उद्योगों पर विभिन्न मामलों में तीन करोड़ रुपये से अधिक का पर्यावरणीय जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा 94 प्रदूषणकारी उद्योगों को नोटिस जारी कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

मंडल के अनुसार रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, महासमुंद और गरियाबंद जिलों में स्थापित उद्योगों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। जल एवं वायु प्रदूषण निवारण और नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों के तहत जनवरी 2025 से मई 2026 के बीच नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधार करने पर संबंधित उद्योगों को पुनः संचालन की अनुमति भी प्रदान की जाती है।

कार्रवाई के तहत 96 उद्योगों पर कुल 2 करोड़ 40 लाख 65 हजार रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति राशि अधिरोपित की गई है। वहीं कच्चे माल, उत्पाद और ठोस अपशिष्टों का बिना तारपोलिन से ढंके परिवहन करने वाले 136 उद्योगों एवं संस्थानों पर 51 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा बिना पूर्व अनुमति फ्लाई ऐश परिवहन और डंपिंग के मामलों में दो उद्योगों पर 12 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति राशि अधिरोपित की गई है।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर भी सख्ती

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लागू छत्तीसगढ़ प्लास्टिक एवं अन्य गैर-बायोडिग्रेडेबल सामग्री नियम, 2023 के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक उत्पादों पर प्रतिबंध लागू है। प्रतिबंधित वस्तुओं में प्लास्टिक कटलरी, प्लेट, कप, गिलास, ट्रे, स्ट्रॉ, ईयरबड्स, बैलून स्टिक, कैंडी स्टिक, सिगरेट पैक और मिठाई के डिब्बों पर उपयोग होने वाली प्लास्टिक फिल्म शामिल हैं।

रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने जनवरी 2025 से मई 2026 के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक नियमों के उल्लंघन पर एक उद्योग का उत्पादन बंद कराते हुए 87,500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति राशि वसूलने की कार्रवाई की है तथा उसके विरुद्ध न्यायालय में परिवाद भी दायर किया गया है। एक अन्य उद्योग पर उत्पादन बंद करने के साथ 6.25 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि अधिरोपित की गई है, जबकि दो अन्य उद्योगों के उत्पादन बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।

अभियान रहेगा जारी

पर्यावरण संरक्षण मंडल, रायपुर के अधिकारी प्रकाश रबड़े ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

What's your reaction?

Related Posts