भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले को लेकर दुनियाभर में फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और एक नया रिकॉर्ड बन गया। मैच के दौरान बड़ी संख्या में प्रशंसक स्टेडियम पहुंचे, जिससे दुबई में बने दर्शक उपस्थिति के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया गया। वहीं, इंग्लैंड में खेले गए इस मुकाबले ने भी दर्शकों की मौजूदगी के मामले में नया इतिहास रच दिया।
2026 का छठा ग्रुप फेज का मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। दोनों के बीच गहरी प्रतिद्वंदिता कही जाती है, लेकिन इसमें भारत बहुत आगे है। टी20 विश्व कप के इतिहास में सिर्फ दो ही मैच पाकिस्तान ने 9 मैचों में से जीते हैं, जबकि बाकी के सात मैच भारत ने जीते हैं। बावजूद इसे सबसे बड़ी राइवलरी कहा जाता है। फैंस भी इस मुकाबले को देखने के लिए उमड़ते हैं और इसी के चलते फैंस ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी बनवा दिया है।
दरअसल, आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के लीग या ग्रुप फेज के मैच में कभी भी इतने ज्यादा दर्शक मुकाबला देखने नहीं पहुंचे, जितने इस इंडिया वर्सेस पाकिस्तान वर्ल्ड कप मैच के लिए पहुंचे हैं। यहां तक कि पहले भी यह रिकॉर्ड इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच के ही नाम दर्ज था। दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 6 अक्तूबर 2024 को भारत बनाम पाकिस्तान मैच में 15935 दर्शकों की उपस्थिति दर्ज हुई थी, जो वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी ग्रुप फेज के मैच में सबसे ज्यादा थी।
वहीं, बर्मिंघम के एजबेस्टन में इससे भी ज्यादा दर्शकों ने स्टेडियम में बैठकर मैच देखा और एक नया इतिहास लिखा गया। इंडिया वर्सेस पाकिस्तान वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के मैच को देखने के लिए 18814 दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे। यह महिला T20 वर्ल्ड कप के किसी भी ग्रुप स्टेज मैच में अब तक का सबसे ज्यादा स्कोर दर्शकों के लिहाज से है। इस तरह दुबई में दो साल पहले बना रिकॉर्ड इंग्लैंड में जाकर चकनाचूर हो गया है। इससे इस बात की तस्दीक भी होती है कि भारत बनाम पाकिस्तान मैच को देखने के लिए दर्शक लालायित रहते हैं।
भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से रौंदा
मैच की बात करें तो लगभग हर बार की तरह इस बार भी मुकाबला एकतरफा ही नजर आया। टीम इंडिया ने 170 रन बोर्ड पर लगा दिए थे। पाकिस्तान की टीम 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 106 रनों पर ढेर हो गई और मुकाबला 64 रनों के अंतर से हार गई। टी20 विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान की महिला टीम की यह 7वीं हार भारत के खिलाफ है। इस मैच की हीरो दीप्ति शर्मा रहीं, जिन्होंने कुछ रन बनाए, एक रन आउट किया और पांच विकेट अपने नाम किए। इसी मैच में वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाली खिलाड़ी भी बन गईं। भारत का दूसरा मुकाबला 17 जून को नीदरलैंड के खिलाफ है।

















