ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

रायपुर स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जांच अभियान, 245 मामलों से 2.08 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में रायपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष किलाबंदी टिकट जांच (फोर्ट्रेस चेक) अभियान चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देश पर 30 जून को आयोजित इस अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट, अतिरिक्त सामान और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत रायपुर स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 18 ट्रेनों की सघन जांच की गई। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करते हुए 158 यात्री पकड़े गए, जिनसे 1 लाख 48 हजार 555 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले 72 यात्रियों से 55 हजार 635 रुपये वसूले गए।

इसके अलावा अधिक सामान लेकर यात्रा कर रहे 12 यात्रियों से 1,750 रुपये तथा रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने वाले 3 यात्रियों से 3,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान कुल 245 मामले दर्ज किए गए, जिनसे रेलवे को 2 लाख 8 हजार 940 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना था।

यह अभियान सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में संचालित किया गया। इसमें 2 मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, 3 वाणिज्य निरीक्षक, 15 टिकट जांच कर्मचारी तथा 2 आरपीएफ जवान शामिल रहे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले वैध टिकट अवश्य खरीदें, रेलवे परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लें तथा स्टेशन और ट्रेनों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को जागरूक करने और राजस्व हानि रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

किलाबंदी जांच अभियान की प्रमुख उपलब्धियां

► कुल दर्ज मामले – 245
► कुल राजस्व प्राप्ति – ₹2,08,940

कार्रवाई का विवरण

► बिना टिकट यात्रा : 158 यात्री, ₹1,48,555 वसूली
► अनियमित टिकट : 72 यात्री, ₹55,635 वसूली
► अतिरिक्त सामान : 12 यात्री, ₹1,750 वसूली
► गंदगी फैलाने पर : 3 यात्री, ₹3,000 जुर्माना

अभियान में शामिल

► 2 मुख्य वाणिज्य निरीक्षक
► 3 वाणिज्य निरीक्षक
► 15 टिकट जांच कर्मचारी
► 2 आरपीएफ जवान।

What's your reaction?

Related Posts