नोएडा . सेक्टर-117 की एक सोसाइटी की लिफ्ट में 11 वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. यह घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. बच्ची की मां ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया. पुलिस ने असम के रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है.
जानकारी के अनुसार 30 मार्च के दिन 11 वर्षीय बच्ची सुबह कंजक पूजा में शामिल होने के लिए ग्राउंड फ्लोर से ऊपर जा रही थी. लिफ्ट में सोसाइटी का कूड़ा उठाने वाला उत्तम दास भी था. अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की. घबराकर बच्ची ने चीखना चिल्लाना शुरू किया तो आरोपी लिफ्ट से निकलकर भागने लगा. उसे वहां मौजूद अन्य लोगों ने दबोच लिया, लेकिन आरोपी के साथी सज्जान अली निवासी असम ने लोगों को गुमराह कर उत्तम दास को मौके से भगा दिया. सेक्टर-113 कोतवाली पुलिस ने बच्ची की मां की तहरीर पर उत्तम दास और सज्जान अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सोसाइटी में कूड़ा उठाने का कार्य करते हैं. आरोपी सज्जान को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी उत्तम दास की तलाश की जा रही है.
पुलिस के अनुसार सोसाइटी में एओए का गठन नहीं हुआ है. यहां बिल्डर के माध्यम से मेंटेनेंस ऑफिस बनाकर एजेंसी के जरिए कूड़ा उठाने वालों को रखा गया है.
सुरक्षा को लेकर चिंता
साल 2023 की बात करें तो ऐसे आपराधिक मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जो चिंता का विषय है. जनवरी से लेकर मार्च 2023 की बात की जाए तो पूरे जिले में 34 मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें सबसे अधिक चार मामले थाना ईकोटेक-3 इलाके से सामने आए हैं. ऐसे मामले लगातार बढ़ने से इलाके में माता-पिता अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
बच्चियों संग अपराध बढ़ा
शहर में बच्चियों के साथ अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. 2022 में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पोक्सो एक्ट के तहत 113 मामले दर्ज हुए थे, इनमें सबसे ज्यादा केस बिसरख कोतवाली क्षेत्र से थे. यहां 10 मामले दर्ज हुए. दूसरे स्थान पर फेस-3 में आठ मामले दर्ज हुए. सेक्टर-24, 39, 63 समेत छह कोतवाली में सात-सात मामले दर्ज हुए.
-शक्ति मोहन अवस्थी, एडीसीपी


















