अयोध्या। राम मंदिर में आरती दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत देते हुए तत्काल पास जारी करने की नई व्यवस्था शुरू कर दी गई है। यह कदम विशिष्ट और सुगम दर्शन पास को लेकर हाल में उत्पन्न हुई समस्याओं के बीच उठाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आरती में शामिल होने के लिए अधिक सुविधा मिल सके। जानकारी के अनुसार, राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय समेत कुछ अन्य लोगों की आईडी बंद होने के बाद विशिष्ट और सुगम दर्शन पास जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। इसके चलते श्रद्धालुओं को आरती दर्शन के पास प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
इसी समस्या के समाधान के लिए मंदिर प्रशासन ने राम मंदिर के मुख्य द्वार के पास ही एक विशेष काउंटर स्थापित किया है। इस काउंटर से श्रद्धालु सीधे आरती दर्शन का तत्काल पास प्राप्त कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन का कहना है कि कोई भी श्रद्धालु निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर यहां से पास बनवा सकता है।
आरती दर्शन के इस पास को जारी करने के लिए बिड़ला धर्मशाला के सामने यात्री सुविधा केंद्र में एक काउंटर बनाया गया है, जहां सुबह नौ बजे से पास बनाने का काम शुरू होता है। यहां रामलला के आरती दर्शन के लिए 45 पास और राम परिवार के आरती दर्शन के लिए 15 पास की संख्या नियत की गयी है।
मंगला और शृंगार आरती का पास एक दिन पहले
राम मंदिर के पास व्यवस्था प्रभारी नरेंद्र ने बताया कि यहां रामलला और राम परिवार के तीन अलग-अलग समयों में निर्धारित आरती के पास बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मंगला आरती का समय सुबह चार बजे व शृंगार आरती का समय सुबह छह बजे निर्धारित है। इसके कारण इन दोनों आरतियों के दर्शन का पास एक दिन पहले बनाया जाएगा।
शयन आरती का उसी दिन बनेगा पास
वहीं, शयन आरती का समय रात्रि नौ बजे है इसलिए इस आरती दर्शन का पास उसी दिन जारी होगा। बताया कि ऑनलाइन आरती दर्शन के सौ पास के अतिरिक्त रेफरल पास की कुल संख्या 75 है। इतनी कम संख्या होने से पास का बंटवारा जिला प्रशासन और आर्मी के सैनिक सदन के लिए नहीं किया गया है। यदि उनके अतिथियों को आरती दर्शन करना होता है तो वह लोग ट्रस्ट से ही सम्पर्क करते हैं। यह भी बताया गया कि काउंटर से पास जारी करने के लिए अभी किसी की आईडी नहीं बनाई गयी है। ट्रस्टियों के द्वारा रेफर किए गए पास ही फिलहाल बनाए जा रहे हैं।
दैनिक पास की हो रही समीक्षा
बताया गया कि अब तक रामलला के नियमित दर्शनार्थियों के 2743 पास जारी किए जा चुके हैं। इन सभी दैनिक पास की समीक्षा की जा रही है। बताया कि छह माह की वैधता वाले इन दैनिक पास का नवीनीकरण का कार्य भी चल रहा है, जिन दर्शनार्थियों के पास की वैधता तिथि समाप्त हो रही है, वह सभी अपने पास का नवीनीकरण करा सकते हैं।
शयन दैनिक पास नहीं हो रहा जारी
राम मंदिर में रामलला के नियमित दर्शनार्थियों के लिए दैनिक पास जारी किया जा रहा था लेकिन इन दिनों शयन दैनिक पास जारी करने पर रोक लगा दी गयी है। इसको जल्दी शुरू करने पर अभी मंथन चल रहा है। उम्मीद है कि इसे हरी झंडी मिल जाएगी।
तत्काल पास बनने के लिए क्या करें
कहां बनेगा: बिड़ला गेट पर तीर्थ क्षेत्र के कार्यालय काउंटर पर मिलेगा।
कब बनेगा: मंगला आरती, भोग आरती एक दिन पहले बनेगा। शयन आरती का पास उसी दिन मिलेगा।
समय क्या है: सुबह 9 बजे से पास खत्म होने तक बनाया जाएगा।
सुगम दर्शन पास: एडवांस पास केवल ऑनलाइन बनेगा। सुगम दर्शन का काउंटर से पास केवल सीनियर सिटिजन और दुधमुंहे बच्चे संग मातापिता का बनाया जाएगा।
दस्तावेज क्या लगेगा: आधार कार्ड और गोद वाले माता-पिता के बच्चे के साथ फोटो भी लगाया जाएगा।


















