छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है. जहां दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन ने यात्रियों की सुविधा के लिए कोरबा-अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त एसी-3 कोच जोड़ने का फैसला लिया है. यह सुविधा अस्थायी रूप से उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक यात्रियों को कंफर्म बर्थ प्रदान करना है.
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में मिलेगी एक्स्ट्रा AC-3 कोच की सुविधा
- यह एक्स्ट्रा एसी-3 कोच गाड़ी संख्या 18237 कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में 10 जून से उपलब्ध होगा.
- वहीं, गाड़ी संख्या 18238 अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में यह सुविधा 12 जून से शुरू होगी.
रेल यात्रियों को मिलेगी राहत
बता दें कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के तहत आने वाले रसमड़ा स्टेशन पर मालगोदाम लाइन के लिए कार्य किया जा रहा है. विशेष नॉन इंटरलॉकिंग और प्री नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाना है. इसके लिए मेगाब्लॉक किया जाना है. इस वजह से ट्रेनों को या तो रद्द किया गया है या डेस्टिनेशन से पहले समाप्त करने का निर्णय लिया गया है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मुख्य नॉन-इंटरलॉकिंग का कार्य 15 घंटे तक किया जाएगा. ये कार्य 11 जून को सुबह 11.30 बजे शुरू होगा और 12 जून को दोपहर 2.30 बजे तक चलेगा. इस दौरान मेगाब्लॉक रहेगा. वहीं, प्री-इंटरलॉकिंग का कार्य 9 और 10 जून को किया जाएगा.
ऐसे में रेल प्रशासन ने गर्मियों के दौरान ट्रेनों में होने वाली भीड़ को देखते हुए एक्स्ट्रा AC-3 कोच की सुविधा देने का फैसला किया है. इस कदम से यात्रियों को यात्रा के दौरान कंफर्म सीट मिलने में आसानी होगी और उनकी परेशानी कम होगी.



















