गुरुग्राम. राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (सतर्कता ब्यूरो) गुरुग्राम ने गुरुवार को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते जीएसटी इंस्पेक्टर को रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी भारत भूषण जीएसटी भवन, सेक्टर-32 गुरुग्राम में तैनात था।
सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों के अनुसार उन्हें शिकायत मिली थी कि उससे जीएसटी नंबर जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपनी माता के नाम से लीची स्टूडियोज नामक एक कंपनी पंजीकृत कराई है। उसके जीएसटी नंबर प्राप्त करने के लिए उसने जीएसटी कार्यालय में आवेदन किया था। शिकायतकर्ता की फाइल जीएसटी इंस्पेक्टर भारत भूषण के पास थी। आरोपी इंस्पेक्टर ने फाइल को मंजूरी देने के लिए शिकायतकर्ता से आठ हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद सतर्कता ब्यूरो ने जाल बिछाया। गुरुवार को भारत भूषण को जीएसटी भवन के सामने पार्किंग में रिश्वत की राशि दे रहा था। तभी गिरफ्तार कर लिया गया।


















