रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बीते कई दिनों से तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति सामने आ रही है।
कई जगहों पर होगी तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकतम इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है. इन इलाको में तेज आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने और वज्रपात की भी संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से पेड़ों के नीचे सहारा लेने और बिजली के खंभों के न ठहरने की अपील की है.
सिस्टम का सबसे ज्यादा असर
कम दबाव के सिस्टम का सबसे ज्यादा असर उत्तर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है. सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट है. वहीं बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर सहित दक्षिण के जिलों में भी मानसूनी हवाओं के प्रभाव से हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बौछारें पड़ने की संभावना है.
माडमसिल्ली बांध का साइफन सिस्टम एक्टिव
लगातार हो रही बारिश से धमतरी जिले का माडमसिल्ली बांध 100 फीसदी भर चुका है. बांध का साइफन सिस्टम भी एक्टिव हैं. बांध का जलस्तर बढते ही जलनिकासी के लिए गेट ऑटोमेटिक खुल रहे हैं. साइफन सिस्टम एक्टिव होने के कारण पानी तेजी से बाहर निकल रहा है. इस बांध का निर्माण ब्रिटिश काल में 1914 से 1923 के बीच हुआ था. 34 साइफन स्पिलवे इसे खास बनाते है मॉनसून के दिनों में यहां साइफन सिस्टम देखने हजारों लोग पहुंचते हैं. हालांकि फिलहाल पानी का बहाव तेज है इसलिए प्रशासन में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.


















