ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

उत्तराखंड में हेलीकॉप्टर हादसा, बदरीनाथ से वापसी के दौरान क्रैश; 6 लोग थे सवार

चार धामों में प्रमुख बदरीनाथ धाम से वापस लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इस सूचना से हड़कंप मच गया है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे। हेलीकॉप्टर ज्योर्तिमठ और बदरीनाथ के बीच लापता हुआ बताया जा रहा है। राहत एवं बचाव हेतु पुलिस, एसडीआरएफ, सेना एवं आईटीबीपी मौके के लिए रवाना हो गयी है।

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर दोपहर सवा एक बजे के आसपास बदरीनाथ से देहरादून के लिए उड़ा था। हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन कम्पनी का बताया जा रहा है। अभी तक हेलीकॉप्टर का मलबा नहीं मिला है। एसडीआरएफ और पुलिस बल सर्च ऑपरेशन कर रहा है।

हेलीकॉप्टर के चट्टान से टकराने की आशंका

सूत्रों के अनुसार, ऐसी आशंका है कि विमान चट्टान से टकराकर क्रैश हुआ है। विमान की आखिरी लोकेशन जोशीमठ के चाई गांव के पास मिली थी। मौके पर एसडीएम समेत राहत बचाव दल रवाना हो गया है। एसडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीम पहाड़ी पर चढ़ रही है।

यूकाडा कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि चाईं गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत हेली की लोकेशन दिख रही है, जो बदरीनाथ से सहस्त्रधारा के लिए आ रहा था।

हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की जानकारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज शुक्रवार को दिन में राज्य सरकार के हेलीपैड से दोपहर 1 बजकर 12 मिनट पर ट्रांस भारत कंपनी के ‘HCX’ हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ धाम से उड़ान भरी थी। सहस्रधारा, देहरादून के लिए रवाना होने के लगभग 15 मिनट बाद ही इस हेलीकॉप्टर का एटीसी (ATC) और आरटी (RT) कनेक्शन टूट गया। इसके बाद से लगातार हेलीकॉप्टर से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

हादसे में लापता हुए इस हेलीकॉप्टर में पायलट के अलावा 5 यात्री भी सवार थे। हेलीकॉप्टर में पायलट हिमांशु, यात्रियों में प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एच.एस. नागाराजा सवार थे।

सीएम धामी ने घटना पर दुख जताया

मुख्यमंत्री धामी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ‘चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।’

What's your reaction?

Related Posts