खास बातें
- Indigo ने एक्स्ट्रा बैगेज शुल्क में 150 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की।
- घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों पर लागू हुआ नया नियम।
- 30 किलो अतिरिक्त सामान ले जाने पर 15 हजार रुपए तक देना होगा।
- अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों पर सबसे अधिक असर।
- एयरलाइन का दावा, वजन कम होने से ईंधन की बचत और परिचालन दक्षता बढ़ेगी।
रायपुर। देश की प्रमुख विमानन कंपनी Indigo ने अतिरिक्त सामान (एक्स्ट्रा बैगेज) ले जाने वाले यात्रियों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने निर्धारित सीमा से अधिक सामान पर लगने वाले शुल्क में 150 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। नए शुल्क लागू होने के बाद यात्रियों को अतिरिक्त लगेज के लिए पहले की तुलना में कई गुना अधिक भुगतान करना पड़ेगा। यह व्यवस्था घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों पर लागू की गई है।
रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से प्रतिदिन चार दर्जन से अधिक उड़ानों का संचालन होता है। ऐसे में Indigo के इस फैसले का सीधा असर प्रदेश के हजारों हवाई यात्रियों पर पड़ने की संभावना है। खासकर वे यात्री अधिक प्रभावित होंगे जो अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट का उपयोग करते हैं और अतिरिक्त सामान लेकर सफर करते हैं।
दो साल में कई गुना बढ़ा बैगेज शुल्क
जानकारी के अनुसार पिछले दो वर्षों में अतिरिक्त सामान पर लगने वाले शुल्क में करीब 525 रुपए प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी हुई है। पहले जहां अतिरिक्त वजन पर मामूली शुल्क लिया जाता था, वहीं अब 30 किलोग्राम अतिरिक्त सामान ले जाने पर यात्रियों को 15 हजार रुपए तक चुकाने पड़ सकते हैं। यह राशि कई घरेलू उड़ानों के टिकट मूल्य के बराबर या उससे अधिक है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते ईंधन खर्च और विमान के वजन को नियंत्रित करने के उद्देश्य से एयरलाइंस कंपनियां यात्रियों को सीमित सामान के साथ यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। अधिक वजन होने पर ईंधन की खपत भी बढ़ती है, जिससे परिचालन लागत पर असर पड़ता है।
पहले और अब का शुल्क
सूत्रों के मुताबिक नवंबर 2025 से पहले अतिरिक्त सामान पर 100 रुपए प्रति किलोग्राम शुल्क लिया जाता था। उस समय 8 किलोग्राम अतिरिक्त सामान के लिए 800 रुपए, 15 किलोग्राम के लिए 1500 रुपए और 30 किलोग्राम के लिए 3000 रुपए देने पड़ते थे।
इसके बाद नवंबर 2025 में शुल्क बढ़ाकर 200 रुपए प्रति किलोग्राम कर दिया गया। तब 8 किलोग्राम पर 1600 रुपए, 15 किलोग्राम पर 3000 रुपए और 30 किलोग्राम पर 6000 रुपए वसूले जाने लगे।
अब 5 जून 2026 से नई दरें लागू होने के बाद यात्रियों को 8 किलोग्राम अतिरिक्त सामान के लिए करीब 5 हजार रुपए, 15 किलोग्राम के लिए 7500 रुपए और 30 किलोग्राम अतिरिक्त वजन पर 15 हजार रुपए तक का भुगतान करना पड़ रहा है।
यात्रियों की बढ़ी चिंता
नए शुल्क लागू होने के बाद यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि पहले ही हवाई किराए में बढ़ोतरी का असर झेल रहे यात्रियों पर अब अतिरिक्त सामान शुल्क का बोझ भी बढ़ गया है। यात्रा विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में यात्रियों को टिकट बुकिंग के साथ-साथ सामान के वजन पर भी विशेष ध्यान देना होगा, अन्यथा यात्रा खर्च अपेक्षा से काफी अधिक हो सकता है।

















