रायपुर। रायपुर नगर निगम ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए 77 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के दौरान राजस्व वसूली, जलभराव की समस्या, सफाई व्यवस्था और जन शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुक्त ने सभी जोन के राजस्व अमले को प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कर वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से निगम का कर बकाया रखने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार कुर्की, सीलबंदी और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि निगम के राजस्व में वृद्धि हो सके।
बैठक में शहर की जलभराव समस्या पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को राहत मिल सके।
इसके अलावा नगर निवेश विभाग को सार्वजनिक सड़कों पर निर्माण सामग्री और सी एंड डी (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) वेस्ट डालकर रास्ता बाधित करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ऐसे मामलों में संबंधित अधिनियम के तहत जुर्माना लगाने और सड़कों को अतिक्रमण व मलबे से मुक्त कराने को कहा गया।
आयुक्त ने प्लेसमेंट पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों के लंबित वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही भविष्य में वेतन भुगतान में देरी नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में लंबित सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
आयुक्त ने कहा कि निगम की आय बढ़ाना और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।


















