जामुन का सीजन भी जल्द ही शुरू होने वाला है और लोगों को ये छोटा फल खाना खूब पसंद होता है। बैंगनी रंग का ये छोटा फल खट्टा-मीठा होता है और इसे खाकर बीज हम कू़ड़े में फेंक देते हैं। ज्यादातर लोग ऐसा ही करते हैं और अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर हम बीज की इतनी चिंता क्यों कर रहे हैं। आपने कहावत सुनी होगी आम के आम गुठलियों के दाम- जामुन के साथ वह फिट बैठती है। जामुन का फल तो फायदेमंद है ही साथ ही इसकी गुठलियां भी किसी औषधि से कम नहीं है। जामुन के बीज अगर आप खाते हैं, तो कई बीमारियों से बच सकते हैं। यहां तक कि डायबिटिज जैसी बीमारी के लिए भी ये रामबाण मानी जाती है। तो चलिए आज हम आपको जामुन के बीज के गजब के फायदे बताते हैं।
क्या-क्या पाया जाता है
जामुन के बीज में खासतौर पर एंटी-ऑक्सीडेंट्स, फ्लेवोनोइड्स, प्रोटीन, कैल्शियम और विशेष बायोएक्टिव यौगिक जैसे जंबोलिन (Jamboline) और जंबोसिन (Jambosine) जैसे गुण पाए जाते हैं। ये सभी पोषक तत्व काफी अच्छे और शरीर के लिए मजबूत माने जाते हैं।
खाने से फायदे क्या होंगे
न्यूट्रिशनिस्ट लीमा महाजन का कहना है कि इसमें कई पोषक तत्व होते हैं, जो आपके शरीर में कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं। शुगर कंट्रोल करने से लेकर वजन कम करने में भी मददगार होते हैं। चलिए इसके बाकि फायदे भी जान लीजिए-
- 1- ब्लड शुगर करें कंट्रोल
इसकी गुठली में मौजूद जंबोलिन और जंबोसिन स्टार्च को शुगर में बदलने की प्रक्रिया को धीमा करते हैं। इसकी वजह से शरीर में इंसुलिन का लेवल नॉर्मल तरीके से बैलेंस बना रहता है।
- 2- वजन घटाने में मददगार
जामुन के बीज का पाउडर मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है और लंबे समय तक पेट को भरा हुआ रखता है। इससे आपको वजन कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा ये पेट, कमर, जांघ की चर्बी भी कम करता है।
- 3- पेट के लिए बढ़िया
इसमें मौजूद फाइबर और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण एसिडिटी, कब्ज, अपच, ऐंठन जैसी पेट की समस्याओं में राहत देते हैं। अगर आपका हाजमा अक्सर खराब रहता है, तो जामुन के बीज का चूरण खा सकते हैं।
- 4- शरीर को करेगा डिटॉक्स
जामुन की गुठली शरीर में जमा खराब टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करते हैं। अगर आपका इसका जूस या पानी पीते हैं, तो फायदेमंद होगा।
- 5- इम्यूनिटी बूस्टर
जामुन के बीज में विटामिन सी होता है, जो इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करेगा। इसकी गुठली खाने से आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी और आप सीजनल खांसी-जुकाम से बचे रहेंगे।
- 6- त्वचा के लिए अच्छा
जामुन की गुठली स्किन के लिए भी अच्छी होती है। इसे खाने से त्वचा पर निखार आएगा और कसावट भी। ये स्किन को अंदर से हेल्दी बनाता है।
- 7- किडनी की समस्या में राहत
आयुर्वेद के अनुसार, जामुन की गुठली का पाउडर या पानी पीने से किडनी को फायदा मिलता है। इससे पेशाब से जुड़ी समस्याएं भी नहीं होती हैं।
कैसे खाते हैं?
जामुन की गुठली को आप निकालकर धूप में सुखा लें और इसका पाउडर बनाकर रख लें। अब गुनगुने पानी में इस पाउडर को घोलकर 1 गिलास पिएं। ऐसे आप जामुन के साथ उसकी गुठली को भी खा सकते हैं। कुछ लोग गुठली ऐसे ही खा लेते हैं लेकिन ऐसे में कड़वी लगती है।



















