ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगराष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ में मानसून का काउंटडाउन शुरू, प्रदेश में बढ़ेंगी बारिश की गतिविधियां, कई जिलों में अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून के आगमन का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं, जिसके चलते आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ने लगी है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं, जिससे कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। आगामी दिनों में वर्षा का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 11 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है. अगले पांच दिनों तक कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.

छत्तीसगढ़ में बरसेंगे बादल

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट के अनुसार 8 से 10 जून तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

वहीं 11 और 12 जून को बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं. इन दिनों कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है.

कल रायपुर में हुई बारिश

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रायपुर के माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा.

अंबिकापुर में सबसे कम तापमान

वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, हालांकि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है. इसके बावजूद बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियों के कारण लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है.

What's your reaction?

Related Posts