ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के इस शहर में पेट्रोल की शार्टेज! शहर के तीन पेट्रोल पंप तीन माह से बंद, वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी

राजनांदगांव। शहर के आउटर क्षेत्र में स्थित तीन पेट्रोल पंप पिछले करीब तीन महीनों से बंद पड़े हैं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित संचालकों द्वारा पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बहाल नहीं कराई जा रही है। इससे दूर-दराज से आने वाले वाहन चालकों को ईंधन भरवाने के लिए शहर के भीतर स्थित पेट्रोल पंपों का रुख करना पड़ रहा है।

जिले में अंजोरा से लेकर बाधनदी तक 40 से अधिक पेट्रोल पंप संचालित हैं, लेकिन राजनांदगांव शहर के बाहरी हिस्सों में स्थित कुछ प्रमुख पंपों के बंद रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। राम दरबार मंदिर चौक के पास स्थित अग्रवाल फ्यूल्स पिछले कई महीनों से बंद पड़ा हुआ है। वहीं पुलिस कार्यालय परिसर के माध्यम से संचालित पुलिस पेट्रोल पंप भी अनियमित रूप से ही खुल रहा है।

एआई फोटो

इसके अलावा बसंतपुर-डोंगरगढ़ मार्ग, मोहरा और अन्य आउटर क्षेत्रों में स्थित कुछ पेट्रोल पंप भी समय-समय पर बंद किए जा रहे हैं। ऐसे में लंबी दूरी तय कर आने वाले वाहन चालकों को शहर के भीतरी हिस्सों में स्थित पेट्रोल पंपों तक पहुंचना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है।

शहर के महावीर चौक, पुराना बस स्टैंड चौक और भाजपा कार्यालय के पास स्थित पेट्रोल पंपों पर इन दिनों वाहनों की भीड़ बढ़ गई है। वाहन चालकों का कहना है कि आउटर क्षेत्र के पंप बंद रहने से उन्हें अनावश्यक रूप से शहर के भीतर आना पड़ रहा है, जिससे यातायात दबाव भी बढ़ रहा है।

हालांकि जिला प्रशासन का दावा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। खाद्य अधिकारी रविंद्र कुमार सोनी ने बताया कि जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और स्थिति पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। इसके बावजूद बंद पड़े पेट्रोल पंपों के कारण आम उपभोक्ताओं को हो रही असुविधा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

What's your reaction?

Related Posts