ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयअंतराष्ट्रीयट्रेंडिंग

PM मोदी ने शुभांशु शुक्ला से पूछा; मेरा होमवर्क पूरा कर लिया? जानें  क्या मिला ज़वाब

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा करने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सोमवार को मुलाकात की। शुभांशु शुक्ला 25 जून 2025 को ‘एक्सिओम-4 मिशन’ के तहत अंतरिक्ष में गए थे। वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिन रहे और 15 जुलाई को वापस लौटे। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजाकिया लहजे में उनसे पूछा कि उन्होंने जो होमवर्क दिया था वह पूरा किया या नहीं? इसपर शुभांशु शुक्ला ने कहा, होमवर्क का बहुत अच्छा प्रोग्रेस हुआ है। आईएसएस पर आपसे बातचीत के बाद वहां लोगों ने चिढ़ाया भी कि आपके प्रधानमंत्री ने होमवर्क दिया है।

उन्होंने कहा, यह बहुत जरूरी है। मैं गया ही इसीलिए था। यह मिशन का अंत नहीं बल्कि शुरुआत है। इसका यही उद्देश्य था कि हम कितना कुछ सीखकर वापस आ सकते हैं। दरअसल पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला से कहा था कि गगयनयान मिशन को आगे बढ़ाना है और अपना स्पेस स्टेशन बनाना है। साथ ही चंद्रमा पर भारत के अंतरिक्षयात्री की लैंडिंग करवानी है। ऐसे में आप अपने अनुभवों को रिकॉर्ड करिए।

शुक्ला से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इसरो अंतरिक्ष यात्री की जैकेट पहने शुक्ला को गर्मजोशी से गले लगाकर उनका स्वागत किया और उनके कंधे पर हाथ रखकर उनके साथ चले। शुक्ला ने प्रधानमंत्री को ‘एक्सिओम-4 मिशन’ का ‘मिशन पैच’ और वह भारतीय तिरंगा भेंट किया, जो वह अपने साथ आईएसएस ले गए थे। जब शुक्ला और मोदी ने 29 जून को बातचीत की थी, तब आईएसएस पर पृष्ठभूमि में यह भारतीय तिरंगा लहरा रहा था।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘शुभांशु शुक्ला के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमने अंतरिक्ष में उनके अनुभवों, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में प्रगति और भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन सहित कई विषयों पर चर्चा की। भारत को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है।’ लखनऊ में जन्मे अंतरिक्ष यात्री को प्रधानमंत्री मोदी को आईएसएस से ली गई तस्वीरें ‘टैबलेट कंप्यूटर’ पर दिखाते हुए देखा गया।

शुक्ला ने प्रधानमंत्री को एक फ्रेमयुक्त तिरंगा भेंट करते हुए अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, ‘आज माननीय प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई। पिछली बार जब मैंने उनसे (अंतरिक्ष में) कक्षा से डिजिटल माध्यम से बात की थी, तब आईएसएस में पृष्ठभूमि में यही झंडा दिख रहा था।’

शुक्ला ने कहा, ‘‘मैं बता नहीं सकता कि उस दिन (कक्षा से बातचीत के दौरान) भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए और आज प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान मुझे कितना गर्व महसूस हुआ। जैसा कि मैंने कहा, यह भारत की मानव अंतरिक्ष यात्रा के सफर का पहला कदम है।’ शुक्ला ‘एक्सिओम-4’ निजी अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा थे, जो 25 जून को फ्लोरिडा से रवाना हुआ था और 26 जून को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचा था। शुक्ला रविवार को भारत लौट आए।

What's your reaction?

Related Posts