ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़अंतराष्ट्रीयट्रेंडिंगराष्ट्रीय

Tiranga Hoisted On World’s Highest Peak: जांजगीर-चांपा की बेटी अमिता श्रीवास ने माउंट एवरेस्ट फतह कर रचा इतिहास

Tiranga Hoisted On World’s Highest Peak: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की बेटी अमिता श्रीवास ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर इतिहास रच दिया है। महिला एवं बाल विकास विभाग में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत अमिता ने एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा फहराकर पूरे छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। अमिता श्रीवास की इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने साहस, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर दुनिया की सबसे कठिन पर्वतारोहण चुनौतियों में से एक को पूरा किया।

बताया जा रहा है कि एवरेस्ट अभियान के दौरान अमिता को बेहद कठिन मौसम, बर्फीली हवाओं और ऑक्सीजन की कमी जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और सफलतापूर्वक शिखर तक पहुंचीं। उनकी इस उपलब्धि पर प्रदेशभर में खुशी का माहौल है। कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अमिता को बधाई देते हुए उनकी सफलता को युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।

माउंट एवरेस्ट पर अमिता श्रीवास ने फहराया तिरंगा

अमिता श्रीवास ने 22 मई 2026 को 8848.86 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया. उनकी इस उपलब्धि से चांपा नगर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है. अमिता की सफलता को लोग बेटियों के हौसले और मेहनत की बड़ी मिसाल मान रहे हैं.

ऑक्सीजन की कमी से तबीयत बिगड़ी

एवरेस्ट समिट के बाद वापसी के दौरान अमिता श्रीवास की तबीयत अचानक बिगड़ गई. अत्यधिक ऊंचाई, माइनस 40 डिग्री तापमान और ऑक्सीजन की कमी के कारण उन्हें गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ा. स्थिति खराब होने पर उन्हें हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित नॉर्विक इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, अमिता को फ्रॉस्टबाइट और हाई एल्टीट्यूड से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं हुई हैं. फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.

CM विष्णु देव साय ने की कामना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अमिता श्रीवास की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अमिता को हरसंभव मदद और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि अमिता का साहस, मेहनत और जुनून प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगा. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी संदेश जारी करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को अपनी इस बेटी पर गर्व है, जिसने देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है.

What's your reaction?

Related Posts