ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयराजनीति

पीएम मोदी ने संभाली कमान कहा- गुजरात को बदनाम करने वाले चुनाव में राज्य से बाहर फेंक दिए जाएंगे

नई दिल्ली। पिछले 25 साल से गुजरात की सत्ता पर काबिज बीजेपी इस बार भी चुनाव जीतने के लिए जीतोड़ कोशिश कर रही है. पार्टी के चुनाव प्रचार की कमान खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने हाथों में संभाल रखी है. उन्होंने रविवार को वलसाड जिले में जनसभा की और कहा कि गुजरात को बदनाम करने वालों को विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता राज्य से बाहर फेंक देगी. उन्होंने दावा किया कि अगले महीने होने वाले चुनाव में बीजेपी इस बार भी रिकॉर्ड वोटों के साथ जीत दर्ज करने में कामयाब होगी.

वलसाड जिले से चुनाव प्रचार की शुरुआत

पीएम मोदी ने रविवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत आदिवासी बहुल वलसाड जिले की कपरादा तालुका के नाना पोंधा गांव से की. उन्होंने कहा, ‘जो विभाजनकारी ताकतें घृणा फैलाने में संलिप्त रही हैं, जिन्होंने गुजरात को बदनाम करने और उसका अपमान करने की कोशिशें की हैं, उन्हें गुजरात से बाहर का रास्ता दिखाया गया है. गुजरात की जनता घृणा फैलाने वालों को कभी स्वीकार नहीं करेगी.’

उन्होंने कहा, ‘अतीत में जिसने भी गुजरात को बदनाम करने और उसका अपमान करने की कोशिश की है, उन्हें गुजरात की जनता ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है. इस चुनाव में भी ऐसे लोगों की परिणति यही होगी.’

‘गुजरात के लोगों ने गैंग को पहचान लिया’

किसी का नाम लिए बगैर मोदी ने कहा कि गुजरात के लोगों ने उस ‘गैंग’ को पहचान लिया है जो गुजरात के खिलाफ काम कर रहा है और हमेशा राज्य को बदनाम करने की कोशिश करता रहता है. उन्होंने कहा ऐसे लोग दो दशकों से प्रयास कर रहे हैं, लेकिन गुजरात की जनता ने उन पर कभी भरोसा नहीं किया.

मोदी ने कहा, ‘जो लोग गुजरात को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें आश्चर्य हो रहा है कि गुजरात की जनता उनके झूठे प्रचार पर भरोसा क्यों नहीं कर रही है. ऐसा इसलिए है क्योंकि इस राज्य के लोगों ने कड़ी मेहनत से गुजरात को बनाया है और वे किसी को इसे नुकसान नहीं पहुंचाने देंगे.’

‘बीजेपी इस बार भी रिकॉर्ड वोटों से जीतेगी’

मोदी ने कहा, ‘दिल्ली में बैठे-बैठे, मुझे रिपोर्ट मिल रही है कि भाजपा इस बार गुजरात में रिकॉर्ड वोट से जीतेगी. मैं यहां अपना ही पुराना रिकॉर्ड (भाजपा की जीत का अंतर) तोड़ने आया हूं. मैंने गुजरात भाजपा से कहा है कि मैं जितना संभव है, आपको उतना समय देने (चुनाव प्रचार के लिए) को तैयार हूं.’

विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद अपने गृह राज्य में पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने गुजराती में नया नारा दिया ‘आ गुजरात में बनाव्यु छे (यह गुजरात मैंने बनाया है).’ उन्होंने कहा, ‘आदिवासी हों या मछुआरे, ग्रामीण हों या शहरी, प्रत्येक गुजराती आज विश्वास से भरा है. इसलिए हर गुजराती कहता है ‘आ गुजरात में बनाव्यु छे (यह गुजरात मैंने बनाया है)’. लोगों ने अपनी कड़ी मेहनत से यह राज्य बनाया है.’पीएम मोदी ने अपने 25 मिनट लंबे भाषण में लोगों से कई बार यह नारा लगवाया.

अगले महीने 2 चरणों में होंगे असेंबली के चुनाव

बताते चलें कि विधानसभा चुनाव के लिए गुजरात में दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को मतदान होना है. जबकि मतों की गिनती 8 दिसंबर को होगी. गुजरात असेंबली में कुल 182 सीटें हैं. वर्ष 2017 में हुए असेंबली चुनाव में बीजेपी के हिस्से में 99 और कांग्रेस के हिस्से में 77 सीट आई थीं.

What's your reaction?

Related Posts