रेलवे में ठेकेदार की जमा सिक्योरिटी मनी लौटाने के एवज में रिश्वत मांगना एक सेक्शन इंजीनियर को भारी पड़ गया। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जबलपुर इकाई ने रेलवे के सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गुरुवार देर रात सागर में की गई।

ठेकेदार से मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार सागर रेल खंड में गिट्टी आपूर्ति का कार्य करने वाले एक ठेकेदार ने काम पूरा होने के बाद रेलवे में जमा अपनी सिक्योरिटी राशि वापस करने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और राशि लौटाने के बदले सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
लेनदेन के लिए होटल में बुलाया
ठेकेदार ने मामले की शिकायत सीबीआई से की। शिकायत की प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद एजेंसी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। बताया जाता है कि बुंदेला ने रिश्वत की रकम लेने के लिए ठेकेदार को सागर स्थित पैराडाइज होटल बुलाया था।
सीबीआई टीम ने रंगेहाथ पकड़ा
गुरुवार रात होटल परिसर के आसपास सीबीआई की टीम पहले से सादी वर्दी में तैनात थी। रात करीब 11 बजे जैसे ही ठेकेदार ने तय योजना के अनुसार एक लाख रुपये की राशि बुंदेला को सौंपी, सीबीआई अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित इंजीनियर को पूछताछ के लिए एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। सीबीआई अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्तताओं की भी जांच कर रही है। एजेंसी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



















