Raipur News: रायपुर। रायपुर पुलिस ने खुद को भारत सरकार का अधिकारी बताकर सरकारी नौकरी, ट्रांसफर और पोस्टिंग कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी पहचान-पत्र, एडिटेड तस्वीरों और प्रभावशाली संपर्कों का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी दस्तावेज, आईडी कार्ड, लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, नकदी और एक कार जब्त की है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी गुरु नारायण ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि लगभग दो वर्ष पूर्व ट्रेन यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात रजनीश कुमार राय से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सहायक आयुक्त बताते हुए प्रार्थी से संपर्क बढ़ाया। उसने दावा किया कि उसकी केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में ऊंची पहुंच है और वह ट्रांसफर, पोस्टिंग तथा सरकारी नौकरी दिला सकता है।
आरोपी ने मनचाही पदस्थापना कराने के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग की थी। बाद में उसने विभिन्न विभागों के अधिकारी होने के फर्जी पहचान-पत्र और दस्तावेज दिखाए, जिससे प्रार्थी को संदेह हुआ। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। Raipur News

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर/मध्य जोन) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना सिविल लाइन और थाना तेलीबांधा की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लोगों के बीच खुद को केंद्र सरकार का प्रभावशाली अधिकारी बताता था। विश्वास जीतने के लिए वह एडिटेड तस्वीरें दिखाता और अपनी कार पर “भारत सरकार” लिखवाकर घूमता था। इसके बाद वह सरकारी नौकरी, ट्रांसफर, पोस्टिंग और अन्य शासकीय कार्य कराने का झांसा देकर लोगों से रकम वसूलता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने छत्तीसगढ़ और बिहार के कई लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये ठगे हैं। ठगी से प्राप्त रकम से उसने महंगे मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सामान खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी आईडी कार्ड, दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप, तीन सिम कार्ड, फर्जी सिम, क्रेडिट कार्ड संबंधी दस्तावेज, नकदी और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है। Raipur News
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीश कुमार राय उर्फ छोटू राय (29 वर्ष) निवासी बक्सर, बिहार तथा वर्तमान में अमलेश्वर, जिला दुर्ग निवासी के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य पीड़ितों तथा संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।



















