ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

RTE दूसरी लॉटरी जारी: 1174 बच्चों का चयन, छत्तीसगढ़ में अब भी 5962 सीटें खाली

रायपुर। निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए दूसरे चरण की लॉटरी जारी कर दी गई है। इस चरण में 7,136 रिक्त सीटों के मुकाबले केवल 1,174 बच्चों का चयन हुआ है। इसके बावजूद प्रदेश के निजी स्कूलों में आरटीई के तहत कक्षा पहली की 5,962 सीटें अब भी खाली रह गई हैं। चयनित विद्यार्थियों को आवंटित स्कूलों में 8 जुलाई से 17 जुलाई के बीच प्रवेश लेना होगा।

इस वर्ष आरटीई प्रवेश नियमों में बदलाव के बाद केवल कक्षा पहली में प्रवेश दिया जा रहा है। प्रदेश के 6,865 निजी स्कूलों में आरटीई के तहत 21,975 सीटें निर्धारित की गई हैं। पहले चरण की लॉटरी में 15,081 बच्चों का चयन हुआ था, जिनमें से 13,383 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इसके बाद बची 7,136 सीटों के लिए दूसरे चरण में 12,934 आवेदन प्राप्त हुए। पात्रता परीक्षण और स्कूल विकल्पों में बदलाव के बाद सोमवार को दूसरी लॉटरी निकाली गई, जिसमें केवल 1,174 बच्चों का चयन हो सका।

कई जिलों में सीटें होने के बावजूद नहीं भर सकीं

दूसरे चरण के बाद भी कई जिलों में पर्याप्त सीटें उपलब्ध होने के बावजूद बहुत कम बच्चों का चयन हुआ। इससे हजारों सीटें रिक्त रह गई हैं। राजधानी रायपुर में 913 रिक्त सीटों के मुकाबले 265 बच्चों का चयन हुआ, जबकि बिलासपुर में 795 सीटों पर 151 और दुर्ग में 635 सीटों के विरुद्ध 150 बच्चों को प्रवेश के लिए चुना गया।

बलरामपुर में 644 रिक्त सीटों के मुकाबले केवल 6 बच्चों का चयन हुआ। जशपुर में 270 सीटों पर 9, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 251 सीटों पर केवल 4 तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 92 सीटों के मुकाबले मात्र 1 बच्चे का चयन हुआ। बीजापुर जिले में 37 सीटें खाली होने के बावजूद दूसरे चरण में एक भी विद्यार्थी का चयन नहीं हो सका।

17 जुलाई तक प्रवेश की समय सीमा

दूसरे चरण में चयनित विद्यार्थियों को आवंटित निजी स्कूलों में 17 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित अवधि में प्रवेश नहीं लेने पर सीटें रिक्त मानी जाएंगी।

प्रमुख जिलेवार चयन

  • रायपुर: 265 चयन (913 सीटें)
  • बिलासपुर: 151 चयन (795 सीटें)
  • दुर्ग: 150 चयन (635 सीटें)
  • कोरबा: 68 चयन (195 सीटें)
  • रायगढ़: 49 चयन (239 सीटें)
  • जांजगीर-चांपा: 57 चयन (284 सीटें)
  • बलरामपुर: 6 चयन (644 सीटें)
  • जशपुर: 9 चयन (270 सीटें)
  • गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: 4 चयन (251 सीटें)
  • बीजापुर: 0 चयन (37 सीटें)

What's your reaction?

Related Posts