ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगराष्ट्रीय

दुष्कर्म केस दबाने के नाम पर वसूली, कैमरामैन समेत छह आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। धरसींवा थाना क्षेत्र में चर्चित नाबालिग दुष्कर्म मामले को दबाने और आरोपियों को बचाने के नाम पर कथित रूप से वसूली करने के मामले में पुलिस ने एक कथित कैमरामैन को भी गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में दो भाजपा से जुड़े, एक कांग्रेस से जुड़ा व्यक्ति तथा दो स्थानीय मीडिया से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं।

पुलिस के अनुसार पीड़िता के एक रिश्तेदार से दुष्कर्म प्रकरण में कार्रवाई रोकने और आरोपियों को बचाने का झांसा देकर रकम वसूली गई थी। मामले की जांच के दौरान ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई की गई।

पीड़िता की शिकायत के बाद दोबारा खुली जांच

दुष्कर्म प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने लगातार प्रदर्शन करते हुए मामले को दबाने का आरोप लगाया था। वहीं नाबालिग पीड़िता द्वारा लिखित शिकायत दिए जाने के बाद उच्चस्तरीय निर्देश पर मामले की पुनः जांच शुरू की गई। जांच में लापरवाही पाए जाने पर तत्कालीन सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे को निलंबित कर दिया गया। पुनः जांच के दौरान मेडिकल परीक्षण और पीड़िता के बयान के आधार पर दुष्कर्म के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

चार आरोपियों को मिली जमानत, दो अब भी जेल में

ब्लैकमेलिंग और वसूली मामले में गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद उस्मान सैफी, युवक कांग्रेस नेता सूरज सिंह ठाकुर, मेडिकल स्टोर संचालक एवं भाजपा नेता चंद्रशेखर यदु तथा टुकेंद्र वर्मा को जमानत मिल चुकी है। वहीं कैमरामैन भूषण यादव उर्फ चवन्नी और एक अन्य आरोपी अभी जेल में हैं।

सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुराग

धरसींवा थाना प्रभारी के अनुसार पीड़िता के एक रिश्तेदार से आरोपियों को पुलिस कार्रवाई से बचाने के नाम पर रकम वसूलने की पुष्टि हुई है। जांच के दौरान मुख्य आरोपी के कब्जे से नकद राशि बरामद की गई है। इसके अलावा मेडिकल स्टोर में रकम लेते और उसकी गिनती करते हुए सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले हैं। पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म मामले में जेल भेजे गए एक आरोपी के रिश्तेदार की शिकायत पर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान कई स्वतंत्र गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

What's your reaction?

Related Posts