कोलकाता में सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह से पहले ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे, जिससे पूरा पांडाल समय से पहले ही भर गया। समारोह में कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी देखने को मिली। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कॉनराड संगमा भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इसके अलावा बीजेपी के कई केंद्रीय नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हो रहे हैं। ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित यह शपथ ग्रहण समारोह पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि सुवेंदु अधिकारी राज्य के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं।
शपथ ग्रहण में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी
चुनाव के वक्त ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कह दिया था कि वह शपथ ग्रहण समारोह में फिर से बंगाल आएंगे। माना जा रहा है कि यह समारोह ऐतिहासिक होने वाला है और यह बड़ा राजनीतिक जमावड़ा होगा। इस कार्यक्रम के लिए 1 हजार से ज्यादा वीवीआईपी कार्ड भेजे गए हैं। इसके अलावा 9 हजार लोगों को आमंत्रित किया गया। गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और एनडीए शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल होंगे।
कौन-कौन ले सकता है मंत्रिपद की शपथ
बंगाल के मंत्रिमंडल में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल को भी शामिल किया जा सकता है। बंगाल में यह एक ऐतिहासिक जीत है। पहली बार बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। बताया जा रहा है कि फिलहाल शुभेंदु अधिकारी के साथ 5 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इसके बाद कैबिनेट का विस्तार किया जा सकता है। इस कार्यक्रम में 20 राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंच रहे हैं। सीएम मोहन यादव ने कहा कि पीएम मोदी के सपनों को साकार करने का समय आ गया है। पश्चिम बंगाल विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह धरती श्यामा प्रसाद मुखर्जी की है और यहां से ही जनसंघ को मजबूती मिली थी।
स्मृति ईरानी, कोनार्ड संगमा, जगन्नाथ सरकार समेत कई दिग्गज पहुंचे
शपथ ग्रहण स्थल पर मेहमानों का पहुंचना जारी है। स्मृति ईरानी समारोह में शामिल होने के लिए पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा मेघालय के मुख्यमंत्री कोनार्ड संगमा भी पहुंच चुके हैं। बीजेपी सांसद जगन्नाथ सरकार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। बता दें कि अधिकारी पहली बार बंगाल में बीजेपी के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं।
लोगों से भरा हुआ मैदान, दिखाई दे रहा भगवा
ब्रिगेड ग्राउंड में चारों ओर लोग ही लोग नजर आ रहे हैं। इसके अलावा लोग भगवा झंडा लेकर शपथ ग्रहण में पहुंचे हैं। कोई शंखनाद कर रहा है तो कोई झंडा लहरा रहा है। कई लोग जयश्रीराम का नारा लगा रहे हैं। थोड़ी ही देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह में पहुंच जाएंगे। इसके बाद 10 बजे समारोह शुरू हो जाएगा।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में बनाया गया लंबा चौड़ा पांडाल पूरी तरह भर गया है। एक तरफ दुर्गा पूजा की झांकी सजाई गई है जहां महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में पूजा अर्चना कर रहे हैं। दूसरी ओर पारंपरिक नृत्य चल रहा है। समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। लोग बंगाली गीत गा रहे हैं और ‘जय श्रीराम का नारा लगा रहे हैं।’
बंगाली भोज की भी व्यवस्था
शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी हो चुकी है। इस समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों की लिस्ट काफी लंबी है। जानकारी के मुताबिक समारोह के बाद भोज का भी इंतजाम किया गया है जिसमें बंगाली भोजन परोसा जाएगा। जानकारी के मुताबिक 50 हजार से ज्यादा लोग इस शपथ ग्रहण के साक्षी बन सकते हैं।
पीएम मोदी पूरी करेंगे अपनी घोषणा
पीएम मोदी शनिवार सुबह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुँचने वाले हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक, उनके सुबह करीब 8:05 बजे दिल्ली हवाई अड्डे से भारतीय वायु सेना के बी-777 विमान से कोलकाता के लिए रवाना होने की उम्मीद है। हाल ही में खत्म हुए चुनाव प्रचार के दौरान श्री मोदी ने एक जनसभा में कहा था कि वह चार मई के बाद बंगाल लौटकर नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उनकी वह घोषणा शनिवार की इस यात्रा से पूरी हो जाएगी।



















