छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में 8 सितंबर को एक ही दिन में 46 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 344 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, स्वाइन फ्लू का संक्रमण अब प्रदेश के 24 जिलों तक पहुंच चुका है। राजधानी रायपुर संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां अब तक 146 मरीज सामने आ चुके हैं।
अस्पतालों में बढ़ रही मरीजों की संख्या
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। संक्रमण के मामले बढ़ने के साथ स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की निगरानी भी बढ़ गई है। लगातार नए मरीज सामने आने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ने लगा है।
रायपुरके अलावा दुर्ग में 4, बिलासपुर और कोरबा में 3-3, जबकि बालोदाबाजार, बस्तर और महासमुंद में 2-2 नए मरीज मिले हैं. कुल 344 मरीजों में से 122 एक्टिव मरीज हैं.
स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में उपचार जारी
अब तक प्रदेश में स्वाइन फ्लू से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है. स्वास्थ्य विभाग मरीजों की निगरानी और उपचार कर रहा है. विशेषज्ञों ने बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह दवा नहीं लेने की अपील की है.
बच्चों और बुजुर्गों को डॉक्टरों की सलाह
राज्य स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी और जिला अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है. संदिग्ध मरीजों के लिए विशेष वार्ड बनाए जा रहे हैं और दवाओं का स्टॉक सुनिश्चित किया जा रहा है. डॉक्टरों ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचने, मास्क लगाने तथा लक्षण दिखने पर खुद से दवा (Self-medication) न लेकर तुरंत टेस्ट कराने की सलाह दी है.
स्वाइन फ्लू के लक्षण
- बुखार
- खांसी और गले में खराश
- शरीर और बदन दर्द
- थकान
- सिरदर्द
- नाक से जुड़ी समस्याएं
- पेट की तकलीफ


















