बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव (Deep Depression) तेजी से उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट की ओर बढ़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 23 सितंबर की शाम यह सिस्टम कलिंगपट्टनम के दक्षिण-पश्चिम में करीब 30 किलोमीटर दूर था और अगले कुछ घंटों में विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच तट को पार करने की संभावना थी।
हालांकि, उपलब्ध IMD अपडेट के मुताबिक इसे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के रूप में वर्गीकृत नहीं किया गया था। ‘अर्नब’ अगले संभावित चक्रवाती तूफान के लिए नाम है, लेकिन इस मौसम प्रणाली की स्थिति गहरे दबाव के रूप में दर्ज की गई थी। इस मौसम प्रणाली के कारण ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखा जा सकता है। इसके आगे बढ़ने के साथ मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।
IMD ने रेड अलर्ट जारी किया
IMD ने छत्तीसगढ़ में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. अर्नब तूफान की वजह से प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी. 24 सितंबर के लिए रेड अलर्ट, 25 और 26 सितंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
बस्तर में होगी हेवी रेन
छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों की बात करें तो दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में हेवी रेन हो सकती है. IMD ने बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, जगदलपुर, नारायणपुर में रेड अलर्ट और कांकेर और कोंडागांव के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, दुर्ग संभाग के गरियाबंद और धमतरी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इन जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. कांकेर, रायपुर ,राजनांदगांव,दुर्ग,धमतरी,गरियाबंद,महासमुंद और बालोद के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.
बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत
छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई. बालोद जिले में महिला खेत में काम कर रही थी, इसी दौरान बिजली गिरी और उसकी मौत हो गई. दो अन्य लोग घायल हो गए. दूसरा मामला कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल ब्लॉक का है, जहां एक व्यक्ति खेत में काम कर रहा था. अचानक मौसम बदला और बारिश हुई. शख्स जामुन के पेड़ के नीचे आराम करने लगा, उसी समय पेड़ पर बिजली गिरी उसकी मौत हो गई. तीसरा मामला बेमेतरा जिले का है. सुरहोली-कुसमी मार्ग पर तालाब किनारे काम कर रहे दो मजदूरों की बिजली गिरने से मौत हो गई.


















