पश्चिम बंगाल का राजनीतिक घटनाक्रम काफी तेजी से बदल रहा है। TMC के बागी सांसदों ने अब ऐलान भी कर दिया है कि वे किस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। इस बीच, दिल्ली पहुंचे बागी सांसदों की पहली तस्वीर भी सामने आई। तस्वीर में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर कई नेता एक साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं, जिनमें यूसुफ पठान हैं और सायोनी घोष भी हैं।
“अपने क्षेत्र की जनता को जवाब दूंगी”
इससे पहले आज जब टीएमसी की बागी सांसद सायोनी घोष दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंची, तो उनका सामना संवाददाताओं से हुआ। जब उन्होंने सायोनी से बागी होने की वजह पूछी, तो उन्होंने खुलकर कुछ नहीं कहा। सायोनी ने कहा, “मुझे जो कहना है, वह मैं बोल दूंगी। अभी मुझे कुछ नहीं कहना है, जब वक्त आएगा तो सब पता चल जाएगा। मैं मीडिया को नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र की जनता को जवाब दूंगी और मेरी आवाज आगे तक जाएगी।”
See Video
इस पार्टी में शामिल होंगे बागी सांसद
इस बीच, TMC के बागी सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी में शामिल होने का फैसला किया है और विलय के बाद NDA का समर्थन करेंगे। इस मामले पर काकोली घोष का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि कि हम नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी में विलय करेंगे। हम एनडीए का समर्थन करेंगे। टीएमसी के 20 सांसदों ने स्पीकर को चिट्ठी सौंपी है और संसद में अलग बैठने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हम एनडीए का हिस्सा होंगे और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काम करेंगे।
बता दें कि नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी की मौजूदगी असम, त्रिपुरा, बंगाल और नॉर्थ ईस्ट में है। नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी त्रिपुरा में चुनाव लड़ी है। 2023 के त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में कैलाशहर (उनाकोटी) सीट से जहांगीर अली इस पार्टी के टिकट पर लड़े थे।
“22 हो जाएंगे बागी सांसद”
इससे पहले, TMC के बागी गुट की कमान संभाल रहीं सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने बड़ा दावा करते हुए बताया कि दो और सांसद उनके बागी गुट में शामिल होने वाले हैं, जिससे लोकसभा में उनके सदस्यों की संख्या बढ़कर 22 हो जाएगी। हालांकि, काकोली घोष दस्तीदार ने उन दो अतिरिक्त सांसदों के नामों का खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनके नाम औपचारिक रूप से गुट में शामिल होने के बाद ही सामने लाए जाएंगे।


















