ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

दुर्ग स्टेशन पर 16 अवैध वेंडर पर कार्रवाई लेकिन आरपीएफ इंस्पेक्टर और कमर्शियल इंस्पेक्टर पर कार्रवाई नहीं, क्यों ?

रायपुर। रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने दुर्ग स्टेशन पर अनियमित यात्रियों और अनाधिकृत वेंडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन में मंडल वाणिज्य प्रबंधक राकेश सिंह के नेतृत्व में 4 वाणिज्य निरीक्षक और 2 टीटीई स्टाफ के साथ यह कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान रेल अधिनियम की धारा 144 के तहत 8, धारा 145-बी के तहत 3, धारा 145 व 147-क के तहत 4 और धारा 147 के तहत 1 इस प्रकार कुल 16 अनाधिकृत वेंडरों पर कार्रवाई की गई। इसके साथ ही 59 बिना टिकट और 15 अनियमित टिकट वाले यात्रियों तथा 2 बिना बुकिंग के सामान ले जाने वाले यात्रियों पर जुर्माना लगाकर कुल 49,100 रुपये वसूले गए।

स्टॉल्स पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की भी जांच की गई। इसी दौरान रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पेस्ट कंट्रोल ड्राइव के तहत ट्रेनों की पैंट्री कार की जांच में गाड़ी संख्या 12810 हावड़ा-मुंबई मेल में पेस्ट कंट्रोल के बावजूद कॉकरोच पाए गए, जो यात्रियों की खाद्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

बड़ा सवाल- कार्रवाई रोज, जवाबदेही कभी नहीं

यहां एक अहम सवाल उठता है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। दुर्ग हो या रायपुर — स्टेशनों और ट्रेनों में अवैध वेंडर लगातार पकड़े जा रहे हैं। हर बार अभियान चलता है, जुर्माना वसूला जाता है, चेतावनी दी जाती है और फाइल बंद हो जाती है। लेकिन अगले अभियान में फिर वही अवैध वेंडर मिलते हैं।

सवाल यह है कि जब यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा, तो आरपीएफ इंस्पेक्टर पर आईजी और कमर्शियल स्टाफ पर सीनियर डीसीएम कार्रवाई क्यों नहीं करते? जिस क्षेत्र में बार-बार अवैध वेंडिंग हो रही हो, वहां की जिम्मेदारी स्थानीय आरपीएफ और वाणिज्य अधिकारियों की भी उतनी ही है। केवल वेंडरों पर जुर्माना लगाकर खानापूर्ति करना पर्याप्त नहीं है। जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर भी जवाबदेही तय नहीं होगी, यह अभियान महज कागजी कार्रवाई बनकर रह जाएगा।

अभियान के प्रमुख आंकड़े

कार्रवाई का विवरणसंख्या
अनाधिकृत वेंडर (कुल)16
बिना टिकट यात्री59
अनियमित टिकट यात्री15
बिना बुकिंग सामान वाले02
कुल वसूली₹49,100
पैंट्री कार में कॉकरोच (ट्रेन 12810)मिले

What's your reaction?

Related Posts