मथुरा में गोवर्धन पहाड़ी की परिक्रमा कर रही मुंबई की महिला श्रद्धालु पर एक भिखारी ने हमला कर दिया. आरोप है कि भीख देने से इनकार करने पर उसने महिला को धक्का देकर गिरा दिया और गला दबाने की कोशिश की. इस दौरान उसने दांतों से महिला की नाक काट ली. महिला किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर भागी और शोर मचाया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने में जुटी है.
पुलिस के मुताबिक, घटना गोवर्धन पहाड़ी की तलहटी में हुई. घायल महिला की पहचान मोनिका (30) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से मुंबई की रहने वाली है और पिछले करीब छह महीने से गोवर्धन में रह रही है. वह नियमित रूप से गोवर्धन पहाड़ी की परिक्रमा करती थी.

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले महिला से भीख मांगी थी. महिला के ध्यान नहीं देने पर उसने अचानक उस पर हमला कर दिया. महिला के शोर मचाने पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुका था. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि महिला की नाक पर गहरी चोट आई है और उसका इलाज कराया जा रहा है.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है. आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका जताई जा रही है.


















