छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. जहां छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिकों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने के लिए दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना की गई है. इस योजना के तहत पात्र महिला श्रमिकों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए पैसे दिए जाएंगे.
दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना से महिलाओं को मिलेगा लाभ
भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के तहत निर्माण कार्य से जुड़े 60 प्रकार के विभिन्न प्रवर्गों के श्रमिक पंजीकृत हैं. मंडल द्वारा श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए जन्म से लेकर मृत्यु तक लगभग 28 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं. इन्हीं योजनाओं में दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना भी शामिल है, जो विशेष रूप से महिला निर्माण श्रमिकों के लिए शुरू की गई है.
1.5 लाख रुपए देगी सरकार
इस योजना के तहत 3 साल से पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिकों को ई-रिक्शा खरीदने के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये तक की अनुदान राशि दी जाती है. यह राशि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा दी जाती है. योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है.
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ?
- इस योजना का लाभ वे महिला श्रमिक उठा सकती हैं जो कम से कम तीन वर्षों से निर्माण श्रमिक के रूप में पंजीकृत हों.
- पात्र हितग्राही अपनी पसंद की ई-रिक्शा कंपनी का चयन कर सकते हैं और बैंक से ऋण स्वीकृत होने के बाद योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन की प्रक्रिया
- दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के लिए पात्र महिला निर्माण श्रमिक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकती हैं.
- आवेदन श्रम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://shramevjayate.cg.gov.in/shramik, Shramev Jayate Mobile App, नजदीकी श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर या फिर संबंधित जिला श्रम कार्यालय के माध्यम से जमा किया जा सकता है.



















