छत्तीसगढ़दुर्ग संभागबस्तर संभागबिलासपुर संभागरायपुर संभागसरगुजा संभाग

Chhattisgarh: दुर्घटना में मृत्यु पर श्रमिकों को अब मिलेगी पांच लाख की मदद

अब कार्यस्थल में दुर्घटना में मृत्यु होने पर पंजीकृत श्रमिकों को एक लाख के स्थान पर पांच लाख रुपये की मदद मिलेगी। इसके साथ ही अपंजीकृत श्रमिकों को भी एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में इन्हें 50 हजार रुपये से बढ़ाकर ढाई लाख रुपये मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस पर साइंस कालेज मैदान में आयोजित श्रम सम्मेलन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रमिकों को यह सौगात दी। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 56 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से श्रमिकों को हस्तांतरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आप लोगों की वजह से ही छत्तीसगढ़ समृद्धि की राह पर है। जब दुनिया लाकडाउन से जूझ रही थी, उस वक्त भी आप लोग छत्तीसगढ़ में पसीना बहा रहे थे।

आप लोगों की वजह से ही कोरोना संकट के बावजूद छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था स्थिर रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि बोरे बासी श्रम से जुड़ा आहार है, हमारी परंपरा है। जब खेतों में हमारे भाई अपने श्रम का पसीना बहाकर सुस्ताते हैं तब बोरे बासी उन्हें शीतलता प्रदान करता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रमिक कल्याण के लिए अच्छा कार्य कर रहे लोगों को सम्मानित भी किया। साथ ही श्रमिक सुरक्षा में अच्छा कार्य करने के लिए एसीसी और अल्ट्राटेक कंपनी को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, पूर्व सांसद नंदकुमार साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निमार्ण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष सुशील सन्नी अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

प्रमुख घोषणाएं

  • मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर मंथली सीजन टिकट कार्ड योजना के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिक जो निर्माण कार्य के लिए अपने घर से अन्य स्थानों पर रेल/ बस के माध्यम से प्रतिदिन आना-जाना करते हैं, उन्हें मंडल द्वारा रेल मंडल एवं परिवहन विभाग तथा नगर निगम द्वारा निर्धारित दर के अनुसार 50 किमी तक यात्रा के लिए मासिक टिकट कार्ड प्रदान किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के तहत निर्माणी श्रमिकों को नवीन आवास निर्माण अथवा क्रय के लिए 50 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा।
  • निर्माण श्रमिक दीर्घायु सहायता योजना में हार्ट सर्जरी, लीवर ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट, न्यूरो सर्जरी, रीढ़ की हड्डी की सर्जरी, पैर के घुटने की सर्जरी, कैंसर, लकवा जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में शासन की स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के अतिरिक्त भी 20 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा।

हेल्पलाइन नंबर जारी

इस मौके पर श्रमिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया। टोल फ्री नंबर 07713505050 पर काल कर श्रमिक श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं तथा अपनी समस्याएं भी रख सकते हैं। श्रमिक सहायता केंद्र के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री ने वीसी से पहला फोन कर पूछा- मैं मुख्यमंत्री हंव छत्तीसगढ़ के। बताव कार्ड कइसे बनही श्रमिक मन के। उधर से जवाब दिया गया। इस मौके पर श्रम संसाधन केंद्र पाटन और आरंग में भी आरंभ किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button