ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

रायपुर में आज से शुरू होंगे पुलिस न्यायालय

रायपुर। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने रविवार को कंट्रोल रूम में सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक ली और 16 फरवरी से मज्ट्रिरयल पावर के साथ शुरू हो रही कमिश्नरी कोर्ट को लेकर दिशा-निर्देश दिए। रायपुर में सभी सात सहायक पुलिस उपायुक्त के न्यायालय विधिवत शुरू हो जाएंगे। बैठक में पुलिस कमिश्नर ने नशे के खिलाफ और कड़ाई से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराधियों पर नकेल कसने और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए भी कहा। बैठक मे पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं प्रमुख सहायक पुलिस उपायुक्त उपस्थित थे।

सभी सात एसीपी कोर्ट चलेंगे इन दफ्तरों से

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सिविल लाइंस एसीपी का न्यायालय कंट्रोल रूम में, पुरानी बस्ती एसीपी का न्यायालय पुरानी बस्ती थाने के पास स्थित कार्यालय में और कोतवाली एसीपी का न्यायालय कोतवाली थाने के ऊपर स्थित सीएसपी कार्यालय में ही शुरू होगा। एसीपी उरला का न्यायालय थाने के पास स्थित एसीपी कार्यालय भवन में संचालित होगा। एसीपी उरला के पास ही एसीपी पंडरी एरिया का भी प्रभार होगा, जबकि राजेंद्र नगर एसीपी का दफ्तर बस स्टैंड भाठागांव में शुरू किया जाना है लेकिन अस्थाई रूप से अभी वह कोतवाली थाने के ऊपर बने कार्यालय में ही प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत होने वाली कार्रवाई के मामले सुनेंगे।

वर्तमान दफ्तरों से ही चलेंगे डीसीपी कोर्ट लेकिन..

डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल आमानाका थाने के ऊपर स्थित अपने कार्यालय में, डीसीपी सेंट्रल उमेश प्रसाद गुप्ता कंट्रोल रूम सी 4 स्थित अपने दफ्तर में और डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर का न्यायालय पुराने पुलिस मुख्यालय परिसर स्थित दफ्तर में संचालित होगा। पुलिस कमिश्नर का न्यायालय वर्तमान में पुराने जिला पंचायत कार्यालय परिसर में ही चलेगा लेकिन एक हफ्ते बाद उसे सिविल लाइंस स्थित गृह मंत्री के पुराने बंगले सी 3 से संचालित करने की तैयारी की जा रही है। डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल के कार्यालय के लिए साइंस कॉलेज मैदान खेल भवन की जगह गुढ़ियारी इलाके में भवन की तलाश की जा रही है। हफ्ते 10 दिन में इस पर अंतिम फैसला हो जाने की उम्मीद है। इसी तरह पुलिस कमिश्नर कार्यालय सिविल लाइंस में शिफ्ट होने के बाद जिला पंचायत भवन का उपयोग नार्थ डीसीपी के कार्यालय के लिए किया जाएगा।

What's your reaction?

Related Posts