रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए रायपुर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेलीबाँधा स्थित मरीन ड्राइव चौक को अतिक्रमण से मुक्त कराया। निगम जोन-3 के नगर निवेश विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अवैध कब्जों पर सख्ती दिखाई।
कार्रवाई के दौरान चौक में व्यवसाय कर रहे लगभग 18 अवैध ठेलों को जब्त किया गया। वहीं करीब 30 दुकानों के सामने सड़क पर रखे कूलर, पंखे समेत अन्य सामानों को भी हटाकर जप्ती की गई। लंबे समय से इन अतिक्रमणों के कारण क्षेत्र में जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
यह अभियान निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर जोन-3 की जोन कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में चलाया गया। मौके पर कार्यपालन अभियंता श्री ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता श्री नरेश साहू और उप अभियंता श्री अक्षय भारद्वाज सहित नगर निगम की टीम और तेलीबाँधा थाना पुलिस मौजूद रही।
निगम की इस कार्रवाई के बाद मरीन ड्राइव चौक पर यातायात सुचारू हुआ और आमजनों को जाम से तत्काल राहत मिली। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी शहर में अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।




















