रायपुर। शहर में अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाने के लिए रायपुर नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में निगम जोन-10 की टीम ने वार्ड क्रमांक 55 के मोती नगर प्रगति विहार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनाई गई मुरूम सड़क को तोड़ दिया।
नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेश और जोन-10 के जोन कमिश्नर श्री मोनेश्वर शर्मा के निर्देश पर नगर निवेश विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, कमल विहार (कौशल्या विहार) के समीप करीब डेढ़ एकड़ निजी भूमि पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसके लिए वहां मुरूम की सड़क भी तैयार कर ली गई थी।
निगम टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से इस अवैध सड़क को तत्काल काट दिया और क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह से बाधित कर दिया, ताकि आगे प्लाटिंग की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता श्री आशीष शुक्ला, सहायक अभियंता श्री योगेश यदु, श्री सुशील अहीर और उप अभियंता श्री राहुल थारानी सहित निगम की टीम मौके पर मौजूद रही।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




















