छत्तीसगढ़ के दुर्ग और बिलासपुर जिले ईडी की छापेमार कार्रवाई चल रही है. जहां दुर्ग में ‘अमर इंफ्रा’ के संचालक और भाजपा नेता चतुर्भुज राठी के निवास व दफ्तर पर दबिश दी गई है, जहां टीम उनके आधा दर्जन फर्मों के वित्तीय दस्तावेजों और निवेश के रिकॉर्ड खंगाल रही है. दूसरी ओर, बिलासपुर में बड़े सर्राफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और सदर बाजार स्थित ‘श्री राम ज्वेलर्स’ पर ED के 10 से ज्यादा अधिकारियों ने छापा मारा है.
बिल्डर चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर ईडी की रेड
दुर्ग में ईडी की टीम ने भाजपा नेता और बड़े कारोबारी चतुर्भुज राठी के पुलगांव स्थित आवास और कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की. सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में अधिकारी शामिल रहे. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित वित्तीय लेन‑देन और कंपनियों से जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है. फिलहाल ईडी की टीम दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी है और जांच जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय के एक दर्जन से अधिक अधिकारी चार गाड़ियों में सवार होकर पुलगांव के महेश कॉलोनी स्थित चतुर्भुज राठी के आवास पर पहुंचे. इसके साथ ही उनके कार्यालय पर भी एक अलग टीम ने दबिश दी. अचानक हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में उत्सुकता देखी गई और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई.
बिलासपुर में भी सर्राफा कारोबारी के घर पर छापेमारी
वहीं बिलासपुर में भी ED की टीम ने छापे मार कार्रवाई की है. जहां कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर पर दबिश दी गई. सुब-सुबर ED के 10 से ज्यादा अधिकारियों ने छापा मारा. विवेक अग्रवाल का श्री राम ज्वेलर्स नाम सदर बाजार में फर्म है. मिली जानकारी के मुताबिक, विवेक अग्रवाल के भाई विकास के शराब घोटाले से तार जुड़े हैं. जो शराब घोटाला मामले में फरार चल रहा है. आरोपी विकास अग्रवाल अनवर ढेबर का करीबी है.



















