ब्रेकिंग खबरें

खेलछत्तीसगढ़

Chhattisgarh की 2 बेटियों का टीम इंडिया में चयन, पलक की रफ्तार और महक की गेंदबाजी ने मचाया धमाल

छत्तीसगढ़ की दो होनहार बेटियों ने क्रिकेट की दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन किया है। पलक सिंह और महक नरवसे का चयन भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारतीय जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेंगी। इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है।

इंग्लैंड के खिलाफ यह पांच मैचों की सीरीज 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक वडोदरा और सूरत में खेली जाएगी। जनवरी 2027 में होने वाले अंडर-19 टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से इस सीरीज को काफी अहम माना जा रहा है।

13 हजार खिलाड़ियों के बीच अपनी गेंदबाजी से बनाई पहचान

पलक सिंह ने अपनी गेंदबाजी की रफ्तार और प्रदर्शन के दम पर बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के बीच अलग पहचान बनाई है। करीब 13 हजार खिलाड़ियों के बीच अपनी प्रतिभा साबित करते हुए उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम तक का सफर तय किया है। उनका चयन प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है।

कपड़े धोने वाली थापी से शुरू हुआ महक का क्रिकेट सफर

वहीं, महक नरवसे की क्रिकेट यात्रा भी काफी दिलचस्प रही है। उन्होंने बचपन में क्रिकेट खेलना शुरू किया तो उनके पास बल्ला तक नहीं था। वह कपड़े धोने वाली लकड़ी की थापी को बल्ला बनाकर खेला करती थीं। बचपन के इसी जुनून और मेहनत ने उन्हें आज भारतीय महिला अंडर-19 टीम तक पहुंचा दिया है।

क्वीन टैलेंट हंट प्रतियोगिता में पलक ने दिखाई 106 की रफ्तार

15 वर्षीय मध्यम तेज गेंदबाज पलक सिंह ने डब्ल्यूपीएल की स्पीड क्वीन टैलेंट हंट प्रतियोगिता में अपनी रफ्तार से पहचान बनाई। देशभर के 13 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों के बीच जोनल ट्रायल में उन्होंने 108 किमी प्रति घंटे और मुंबई में हुए फाइनल में 106 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर गोल्ड मेडल जीता।

इसके बाद उन्हें बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विशेष प्रशिक्षण का मौका मिला। पलक ने घरेलू सीजन में आठ मैचों में पांच विकेट लिए। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें WPL 2027 की नीलामी सूची में 10 लाख रुपए बेस प्राइस के साथ जगह मिली है।

राजनांदगांव की महक नरवसे की क्रिकेट यात्रा भी दिलचस्प है। उन्होंने बचपन में कपड़े धोने वाली लकड़ी की थापी से प्लास्टिक बॉल खेलकर क्रिकेट की शुरुआत की थी। पिता के मुताबिक, शुरुआती दिनों में कोच मनोज तिवारी के मार्गदर्शन में उन्होंने लड़कों के साथ अभ्यास किया।

जून 2026 में श्रीलंका दौरे पर भारतीय अंडर-19 टीम की उपकप्तान रह चुकीं महक को अब फिर राष्ट्रीय टीम में मौका मिला है। महक ने 2025-26 के सीनियर महिला वनडे टूर्नामेंट में नौ मैचों में 212 रन बनाने के साथ 20 विकेट लिए। महिला अंडर-19 वनडे में चार मैचों में 67 रन और आठ विकेट उनके नाम रहे। वहीं अंडर-23 टी-20 में भी ऑलराउंड प्रदर्शन किया।

What's your reaction?

Related Posts