ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़अपराध

दिल्ली में नाइजीरियन ड्रग्स नेटवर्क पर रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना देवेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली में दबिश देकर एक नाइजीरियन नागरिक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली निवासी सन्नी शर्मा (26 वर्ष) और नाइजीरिया निवासी तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स (38 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 9.70 लाख रुपये नगद, 5 मोबाइल फोन (आईफोन सहित) और 3 चेकबुक जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह नाइजीरिया से संचालित हो रहा था और देश के विभिन्न राज्यों समेत छत्तीसगढ़ में कोकीन की सप्लाई करता था। आरोपी ड्रग्स को बीपी मशीन के डिब्बों में छिपाकर कोरियर के माध्यम से भेजते थे, जिससे जांच एजेंसियों को गुमराह किया जा सके।

मामले की शुरुआत 19 मार्च 2026 को हुई थी, जब देवेन्द्र नगर पुलिस ने नारायणा अस्पताल के पास से कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28 वर्ष) को 4.55 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच में अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क के तार जुड़े मिले। इसके बाद पुलिस टीम को दिल्ली भेजा गया, जहां तिलक नगर क्षेत्र में दोनों मुख्य आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कोकीन को अलग-अलग तरीकों से देशभर में सप्लाई करते थे। नाइजीरिया में बैठा ‘चिची’ नामक व्यक्ति इस सिंडिकेट का संचालन कर रहा था। भारतीय आरोपी सन्नी शर्मा ने अपने बैंक खाते कमीशन पर गिरोह को उपलब्ध कराए थे, जिनके जरिए ड्रग्स से जुड़े लेन-देन किए जाते थे। पिछले छह महीनों में करीब 2 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन की जानकारी सामने आई है, जबकि खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन की जांच जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना देवेन्द्र नगर में नारकोटिक एक्ट की धारा 22बी के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को एंड-टू-एंड ऑपरेशन बताते हुए पुलिस ने पूरे कोकीन सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया है।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 में अब तक रायपुर पुलिस की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने नारकोटिक एक्ट के 36 मामलों में 93 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 2.48 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की है।

What's your reaction?

Related Posts