पीएम नरेंद्र मोदी की देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील के बावजूद आज कमोडिटी मार्केट में गोल्ड के रेट में उछाल नजर आ रहा है। मंगलवार, 12 मई को चांदी की कीमतों में भी तेज उछाल देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमत करीब 1.5% बढ़कर ₹2,82,463 प्रति किलो पहुंच गई। वहीं सोना 0.3% मजबूत होकर ₹1,54,150 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
इंटरनेशनल मार्केट में भी चमकी चांदी
इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट सिल्वर 0.2% बढ़कर 86.27 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में चांदी में 7% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई थी, जो एक महीने की सबसे बड़ी उछाल मानी जा रही है। सोने की बात करें तो स्पॉट गोल्ड 0.5% चढ़कर 4,757.59 डॉलर प्रति औंस पहुंच गया, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.8% बढ़कर 4,768.20 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए।
क्यों बढ़ गए सोने-चांदी के दाम
निवेशकों की चिंता का सबसे बड़ा कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बढ़ता तनाव है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऑयल ट्रांसपोर्ट रूट में से एक माना जाता है। यहां किसी भी तरह का संकट कच्चे तेल की सप्लाई और कीमतों पर बड़ा असर डाल सकता है। तेल की कीमतों में तेजी के कारण वैश्विक महंगाई बढ़ने का खतरा भी गहरा गया है। इसी वजह से निवेशक सोना और चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
ट्रंप के बयान से बढ़ी अनिश्चितता
आज की तेजी का दूसरा सबसे बड़ा कारण अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का बयान है। ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही शांति वार्ता को लेकर सख्त बयान दिए हैं। उन्होंने ईरान की प्रतिक्रिया को “बेकार” बताते हुए कहा कि सीजफायर की कोशिशें अभी “गंभीर संकट” में हैं। इसके बाद मार्केट में तनाव और बढ़ गया।
अब निवेशकों की नजर ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की प्रस्तावित बैठक पर भी टिकी हुई है। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, जियो-पॉलिटिकल टेंशन और मिडिल ईस्ट संकट जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
डॉलर कमजोर, बॉन्ड यील्ड नरम: सोने को मिला सपोर्ट
ब्लूमबर्ग के मुताबिक अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और बॉन्ड यील्ड में गिरावट ने भी सोने-चांदी की कीमतों को सपोर्ट दिया। डॉलर कमजोर होने पर अन्य देशों के खरीदारों के लिए सोना सस्ता हो जाता है, जिससे मांग बढ़ती है। इसके अलावा कम बॉन्ड यील्ड के माहौल में निवेशक बिना ब्याज वाले सुरक्षित निवेश जैसे गोल्ड की ओर ज्यादा आकर्षित होते हैं।
आगे क्या रहेगा सोना-चांदी का रुख?
Augmont की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी के अनुसार, चांदी फिलहाल करीब ₹2.35 लाख से ₹2.65 लाख के दायरे में कारोबार कर रही है। ऊपरी स्तर छूने के बाद अब कीमतों में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है।
वहीं सोने के लिए उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड 4,500 से 4,750 डॉलर प्रति औंस और भारत में करीब ₹1.48 लाख से ₹1.54 लाख प्रति 10 ग्राम की रेंज में बना हुआ है। ऊपरी स्तर टेस्ट करने के बाद इस सप्ताह कीमतों में हल्की गिरावट संभव है।



















