रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले बुलंद है। लिहाजा, चोर एक के बाद एक बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार-सोमवार की रात राजधानी रायपुर में ज्वेलरी की दुकान की वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान चोरों ने करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की यह घटना शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वैलर की दुकान में घटी। चोरों ने यहां से बड़ी संख्या सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। सुबह जब दुकानदार अपनी शॉप पर पहुंचा तो ताला टूटा हुआ मिला, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। लिहाजा, उन्होंने इसकी जानकारी रायपुर पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही क्राइम विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल, मौके पर क्राइम ब्रांच और खम्हारडीह थाने की पुलिस चुराए गए गहनों का आंकलन कर रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही डीसीपी मयंक गुर्जर और क्राइम ब्रांच टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ताकि, आरोपियों तक पहुंचा जा सके। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि जिस समय ताला तोड़ा गया, उस दौरान सिक्योरिटी गार्ड मौके पर मौजूद नहीं था। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड से भी पूछताछ की है। यह पूरा मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को आशंका है कि वारदात को पेशेवर चोरों ने अंजाम दिया है, जिन्हें दुकान और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने कहा है कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।




















