आइजोल। मिजोरम पुलिस ने सैतुअल जिले में छह करोड़ रुपये से अधिक कीमत की मॉर्फिन और हेरोइन ज़ब्त की और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह बताया। उन्होंने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर, सैतुअल जिला कार्यकारी बल की एक टीम ने रविवार को असम रजिस्ट्रेशन नंबर वाले एक ट्रक को पकड़ा जो मणिपुर से आइजोल की ओर जा रहा था। एक अधिकारी ने बताया कि ट्रक की अच्छी तरह तलाशी लेने पर ड्राइवर की सीट के बगल वाले डिब्बे में छिपाकर रखे गए 6.68 किलोग्राम वजन के मॉर्फिन के 13 पैकेट मिले। उन्होंने कहा, ‘‘जब्त की गई मॉर्फिन की कीमत 6.7 करोड़ रुपये से ज्यादा होने का अनुमान है।’’ पुलिस टीम ने उसी गाड़ी से 2.4 लाख रुपये कीमत की 12 ग्राम हेरोइन भी बरामद की। अधिकारी ने बताया कि असम के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।



















