ब्रेकिंग खबरें

अपराधछत्तीसगढ़

Raipur Crime News: बीएसयूपी कॉलोनी में पुलिस का बड़ा सर्च अभियान, 300 से अधिक मकानों की जांच

Raipur Crime News:  रायपुर। शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ने रविवार को बी.एस.यू.पी. कॉलोनी में व्यापक आकस्मिक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान लगभग 100 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने 300 से अधिक मकानों की सघन जांच कर गुण्डा-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों तथा संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर थाना सरस्वती नगर, आमानाका और न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्रांतर्गत स्थित बी.एस.यू.पी. कॉलोनी में यह विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्तों के मार्गदर्शन में संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में सुबह 8 बजे से अभियान की शुरुआत की गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने कॉलोनी के विभिन्न ब्लॉकों, मकानों और सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच की। क्षेत्र में रहने वाले गुण्डा-बदमाशों, आदतन अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। साथ ही बाहर से आकर किराये या अस्थायी रूप से रह रहे लोगों के पहचान पत्रों और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया।

पुलिस ने घर-घर पहुंचकर निवासियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की और सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए। किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। जांच के दौरान आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें भविष्य में किसी भी अवैधानिक कार्य में शामिल नहीं होने की सख्त चेतावनी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से संवाद स्थापित कर उन्हें अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही किरायेदारों और घरेलू सहायकों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने का आग्रह किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक जांच और सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेंगे।

What's your reaction?

Related Posts