मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गुरुवार को सोने और चांदी के दाम जोरदार बिकवाली के चलते तेजी से नीचे आ गए। एमसीएक्स पर अगस्त महीने की डिलीवरी वाले सोने का भाव 1,573 रुपये यानी करीब 1% टूटकर 1,52,306 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इससे पिछले बंद भाव 1,53,879 रुपये था। जबकि, जुलाई डिलीवरी वाली चांदी का भाव 3,807 रुपये यानी 1.51% की कमी के साथ 2,48,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। पिछले सत्र में यह 2,51,807 रुपये पर बंद हुई थी।
तेजी से बढ़ी गिरावट
शुरुआती कारोबार में MCX पर सोने का भाव 1,575 रुपये (1.02%) गिरकर 1,52,304 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर पर आ गया, जबकि चांदी का भाव 6,298 रुपये (2.5%) टूटकर 2,45,509 रुपये प्रति किलोग्राम तक गिर गया।
इंटरनेशनल मार्केट में उछला सोना
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो सोने के दाम 1% से ज्यादा चढ़ गए, जिससे पिछले सत्र के नुकसान की भरपाई हो गई। इसकी वजह अमेरिका-ईरान अंतरिम समझौते के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट थी, जिससे महंगाई की उम्मीदें कम हुईं और सोने को समर्थन मिला।
स्पॉट गोल्ड (तत्काल डिलीवरी) का भाव 1.4% बढ़कर 4,316.42 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि बुधवार को इसमें 1.7% की गिरावट आई थी। अगस्त डिलीवरी वाले अमेरिकी सोने के वायदा में 1% की गिरावट आई और यह 4,336.70 डॉलर प्रति औंस रह गया। स्पॉट चांदी का भाव 1.8% बढ़कर 69.18 डॉलर प्रति औंस हो गया।
क्यों दबाव में आया सोना?
आमतौर पर जब ब्याज दरें बढ़ती हैं तो सोने की चमक फीकी पड़ जाती है। इसकी वजह यह है कि सोना कोई ब्याज या रिटर्न नहीं देता। ऐसे में निवेशक ज्यादा ब्याज देने वाले बॉन्ड और अन्य वित्तीय साधनों की ओर रुख करते हैं।
डॉलर और बॉन्ड यील्ड में मजबूती भी सोने के लिए नकारात्मक मानी जाती है। यही कारण है कि फेड के ताजा संकेतों के बाद अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में सोने पर दबाव देखने को मिला।
फेड के सख्त रुख से सोना-चांदी पर दबाव
अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने अपनी प्रमुख ब्याज दर को 3.50% से 3.75% के दायरे में बरकरार रखा है, लेकिन इसके साथ ही बाजार को सख्त संकेत भी दिए हैं। फेड के 19 नीति-निर्माताओं में से 9 अधिकारियों का मानना है कि इस साल के अंत तक ब्याज दरों में कम से कम एक बार और बढ़ोतरी की जरूरत पड़ सकती है।
फेड के इस संकेत के बाद बाजार की उम्मीदें तेजी से बदली हैं। CME फेड वॉच टूल के अनुसार, दिसंबर 2026 में अमेरिकी ब्याज दर बढ़ने की संभावना अब 85% तक पहुंच गई है, जबकि फेड बैठक से पहले यह संभावना 61% थी।
MCX Gold आउटलुक
इंडसइंड सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट जिगर त्रिवेदी के अनुसार MCX गोल्ड का रुख फिलहाल कमजोर बना हुआ है। उन्होंने गोल्ड पर सपोर्ट ₹1,51,800 प्रति 10 ग्राम पर और रेजिस्टेंस ₹1,53,300 प्रति 10 ग्राम पर रखा है। उनका कहना है कि जब तक सोना ₹1,53,300 के ऊपर नहीं निकलता, तब तक इसमें दबाव बना रह सकता है।
MCX Silver Outlook
चांदी में भी कमजोरी का माहौल है, हालांकि दिन के दौरान शॉर्ट कवरिंग देखने को मिल सकती है। इसके लिए सपोर्ट ₹2,42,000 प्रति किलोग्राम और रेजिस्टेंस ₹2,51,000 प्रति किलोग्राम रहेगा।


















