ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

UPI से प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान पर डबल फायदा: रायपुर नगर निगम ने शुरू की कैशबैक और गोल्ड वाउचर स्कीम, एक दिन में ₹5.04 करोड़ टैक्स वसूली का रिकॉर्ड

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने डिजिटल टैक्स भुगतान को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब निगम का प्रॉपर्टी टैक्स यूपीआई पेमेंट गेटवे के जरिए जमा किया जा सकेगा। इसके साथ ही ऑनलाइन भुगतान करने वाले करदाताओं को 100 रुपये तक कैशबैक, 500 रुपये तक गोल्ड वाउचर और सुनिश्चित उपहार जैसे आकर्षक ऑफर भी मिलेंगे। निगम का दावा है कि छत्तीसगढ़ में पहली बार किसी नगर निगम ने इस तरह की सुविधा शुरू की है।

नगर निगम द्वारा जून माह में प्रॉपर्टी टैक्स पर दी गई 5 प्रतिशत की छूट का लाभ बड़ी संख्या में नागरिकों ने उठाया। इसका असर राजस्व संग्रह पर भी दिखाई दिया। 30 जून को निगम ने एक ही दिन में 5 करोड़ 4 लाख 61 हजार रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर नया रिकॉर्ड बनाया। वहीं, 27 मई से 30 जून तक कुल टैक्स संग्रह करीब 30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

नगर निगम की राजस्व उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा ने बताया कि नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर फोनपे, पेटीएम, गूगल पे और अमेजन पे जैसी यूपीआई कंपनियों के साथ चर्चा कर नागरिकों को अतिरिक्त लाभ देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की गाइडलाइन के अनुरूप सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद यह सुविधा लागू की गई है, जिससे करदाता निगम की छूट के साथ-साथ पेमेंट गेटवे के ऑफर का भी लाभ उठा सकें।

जोन-10 रहा सबसे आगे

30 जून को सर्वाधिक प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में जोन-10 पहले स्थान पर रहा, जहां 69.02 लाख रुपये जमा हुए। इसके बाद जोन-8 में करीब 65 लाख रुपये और जोन-2 में 61 लाख रुपये का राजस्व संग्रह हुआ।

घर बैठे टैक्स भुगतान की सुविधा

नगर निगम ने नागरिकों के लिए ‘मोर रायपुर’ ऐप के माध्यम से घर बैठे प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके अलावा मकानों और दुकानों पर लगाए गए डिजिटल नेम प्लेट के QR कोड को स्कैन कर भी भुगतान किया जा सकता है। नेट बैंकिंग के जरिए टैक्स जमा करने का विकल्प भी उपलब्ध है।

जुलाई से सितंबर तक मिलेगा ऑफर

डॉ. अंजलि शर्मा के अनुसार, पेटीएम के माध्यम से मिलने वाला कैशबैक और गोल्ड वाउचर ऑफर जुलाई से सितंबर तक लागू रहेगा। इस अवधि में निगम की ओर से मिलने वाली 5 प्रतिशत कर छूट के साथ करदाता 100 रुपये तक कैशबैक, 500 रुपये तक गोल्ड वाउचर और अन्य सुनिश्चित उपहारों का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्य बिंदु

  • प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान के लिए यूपीआई पेमेंट गेटवे की सुविधा शुरू।
  • ऑनलाइन भुगतान पर 100 रुपये तक कैशबैक और 500 रुपये तक गोल्ड वाउचर।
  • 30 जून को एक दिन में 5.04 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड टैक्स वसूली।
  • ‘मोर रायपुर’ ऐप, QR कोड और नेट बैंकिंग से भी भुगतान की सुविधा।
  • ऑफर जुलाई से सितंबर तक लागू रहेगा।

What's your reaction?

Related Posts