ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

रायपुर ग्रामीण क्षेत्र को मिली विकास की बड़ी सौगात: दो आधुनिक उद्यानों का लोकार्पण, ₹1.43 करोड़ के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन

रायपुर। रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू एवं महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम रायपुर द्वारा सीईआर निधि से विकसित दो आधुनिक उद्यानों का लोकार्पण किया। लगभग पौने तीन एकड़ क्षेत्र में निर्मित इन उद्यानों पर कुल ₹1 करोड़ 51 लाख की लागत आई है। साथ ही वार्ड क्रमांक 2 में ₹1 करोड़ 43 लाख की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

कबीर नगर स्थित पानी टंकी परिसर में लगभग पौने दो एकड़ क्षेत्र में ₹86.22 लाख तथा कचना जीएडी कॉलोनी में लगभग दो एकड़ क्षेत्र में ₹64.64 लाख की लागत से विकसित इन उद्यानों का निर्माण नगर निगम के पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन के सहयोग से किया गया है।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग अध्यक्ष भोलाराम साहू, जोन 9 अध्यक्ष गोपेश साहू, वार्ड 2 पार्षद भगतराम हरबंश सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला समूहों के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि कबीर नगर और कचना में विकसित आधुनिक उद्यान नागरिकों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और पर्यावरण संरक्षण के महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे। उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 2 में पाइपलाइन विस्तार, सीसी रोड, नाली निर्माण और सामुदायिक भवन सहित ₹1.43 करोड़ के विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही सोनडोंगरी मुक्तिधाम पहुंच मार्ग तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक के समीप एक विशाल सामुदायिक भवन का निर्माण भी कराया जाएगा।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों की तरह कबीर नगर क्षेत्र का भी समग्र विकास कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से उद्यानों के संरक्षण एवं रखरखाव में सहभागिता निभाने की अपील की।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं दोनों उद्यान

नवविकसित उद्यानों में नागरिकों के लिए अनेक आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिनमें—

  • मियावाकी वन क्षेत्र
  • ओपन जिम
  • बच्चों के लिए आधुनिक खेल क्षेत्र
  • गजेबो एवं बैठने की व्यवस्था
  • वॉकिंग एवं जॉगिंग ट्रैक
  • आकर्षक लैंडस्केपिंग
  • आधुनिक प्रकाश व्यवस्था
  • अन्य नागरिक सुविधाएं

विशेष बात यह है कि गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन अगले पांच वर्षों तक दोनों उद्यानों का संधारण भी करेगा।

महिलाओं को मिला सिलाई प्रशिक्षण प्रमाणपत्र

कार्यक्रम के दौरान माँ तारिणी महिला स्वसहायता समूह द्वारा प्रशिक्षित महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे एवं आयुक्त संबित मिश्रा ने महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके आत्मनिर्भरता प्रयासों की सराहना की।

पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

यह परियोजना सार्वजनिक-निजी सहभागिता का सफल उदाहरण मानी जा रही है। उद्यानों के विकास से स्थानीय नागरिकों, बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर मनोरंजन एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिलेगा, वहीं शहरी हरित क्षेत्र में वृद्धि के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। नगर निगम और गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन की यह पहल स्वच्छ, हरित और सुंदर रायपुर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

What's your reaction?

Related Posts