ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़खेल

रायपुर में होगा वर्ल्ड स्कूल कॉम्बेट गेम्स ट्रायल, कराते भी शामिल, देशभर के 800 स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी होंगे शामिल

रायपुर। राजधानी रायपुर अगस्त में देशभर के स्कूली खिलाड़ियों के बड़े आयोजन का साक्षी बनेगा। ब्राजील में अक्टूबर 2026 में आयोजित होने वाले वर्ल्ड स्कूल गेम्स के लिए कॉम्बेट स्पर्धाओं के राष्ट्रीय चयन ट्रायल का आयोजन रायपुर में होगा। पहले जूडो, ताइक्वांडो और कुश्ती को शामिल किया गया था, लेकिन अब कराते को भी इस चयन प्रक्रिया में जोड़ दिया गया है।

स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) ने जूडो, कराते, ताइक्वांडो और कुश्ती के ट्रायल की मेजबानी छत्तीसगढ़ को सौंपी है। कराते के शामिल होने के बाद अब इन चारों खेलों में देशभर से करीब 800 स्वर्ण पदक विजेता स्कूली खिलाड़ी रायपुर पहुंचेंगे। ट्रायल लगभग 10 दिनों तक चलेगा।

इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के जूडो और कराते के चार स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने और ब्राजील में होने वाले वर्ल्ड स्कूल गेम्स के लिए चयनित होने का अवसर मिलेगा।

स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष तथा एशियन स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन की तकनीकी एवं कार्यकारी परिषद के सदस्य मुखतेज सिंह बदेशा ने बताया कि रायपुर की बेहतर रेल और हवाई संपर्क व्यवस्था को देखते हुए फेडरेशन ने आयोजन के लिए राजधानी का चयन किया है। प्रतियोगिता के लिए जल्द ही उपयुक्त इंडोर स्टेडियम या हॉल का चयन किया जाएगा।

राज्य स्कूल शिक्षा संचालनालय के खेल प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि पिछले वर्ष 17 वर्ष आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले जूडो और कराते के खिलाड़ियों को ट्रायल में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। ब्राजील में होने वाले वर्ल्ड स्कूल गेम्स में खिलाड़ियों की अधिकतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित है। उन्होंने बताया कि चारों कॉम्बेट खेलों में मुकाबले आयु वर्ग के साथ-साथ वजन वर्ग के आधार पर होंगे, इसलिए बड़ी संख्या में खिलाड़ी रायपुर पहुंचेंगे।

आयोजन के सफल संचालन के लिए चारों खेलों की राष्ट्रीय महासंघों के सहयोग से संबंधित राज्य मान्यता प्राप्त संघों का तकनीकी स्टाफ, रेफरी और अधिकारियों की सेवाएं ली जाएंगी। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है, जबकि तकनीकी अधिकारियों और रेफरी की सूची जुलाई के अंत तक जारी किए जाने की संभावना है।

What's your reaction?

Related Posts