ब्रेकिंग खबरें

बिलासपुर संभागट्रेंडिंगराष्ट्रीय

बिलासपुर से हैदराबाद और भुवनेश्वर के लिए सीधी उड़ानों की तैयारी, विंटर शेड्यूल से पहले मिल सकती है सौगात

रायपुर। हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। एलाइंस एयर द्वारा क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए उड़ान मार्गों में बदलाव की तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित योजना के तहत बिलासपुर को हैदराबाद और भुवनेश्वर से सीधे जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। यदि सभी आवश्यक मंजूरियां समय पर मिल जाती हैं, तो नई उड़ानों की शुरुआत आगामी विंटर शेड्यूल से पहले हो सकती है।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली स्थित एलाइंस एयर मुख्यालय में हाल ही में हुई उच्चस्तरीय बैठकों में मौजूदा उड़ान मार्गों की समीक्षा के साथ नए रूटों पर चर्चा की गई। प्रस्तावों को अंतिम रूप देने के लिए तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं तेज कर दी गई हैं। पहले संबंधित एयरपोर्ट से टाइम स्लॉट की स्वीकृति ली जाएगी, जिसके बाद प्रस्ताव को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। पूरी प्रक्रिया एक से दो महीने में पूरी होने की संभावना जताई जा रही है।

इन रूटों में बदलाव की संभावना

प्रस्तावित योजना के अनुसार रायपुर-हैदराबाद के बीच संचालित मौजूदा उड़ान का विस्तार करते हुए उसे बिलासपुर–जगदलपुर–हैदराबाद रूट पर संचालित किया जा सकता है।

इसी तरह कोलकाता–भुवनेश्वर–जगदलपुर–बिलासपुर–कोलकाता रूट तैयार करने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे बिलासपुर को भुवनेश्वर और कोलकाता से बेहतर हवाई संपर्क मिलेगा।

इसके अलावा अंबिकापुर से संचालित कुछ उड़ानों को यात्रियों की सुविधा के लिए रायपुर से संचालित करने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है। वहीं, हैदराबाद–जगदलपुर–बिलासपुर रूट को आगे मध्य प्रदेश के रीवा तक विस्तारित करने को लेकर भी प्रारंभिक स्तर पर चर्चा हुई है।

यात्रियों और क्षेत्र को होंगे कई लाभ

नई उड़ानें शुरू होने से व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही यात्रियों का समय बचेगा, औद्योगिक एवं शैक्षणिक संपर्क मजबूत होंगे और क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा। प्रस्तावित रूटों पर 70 सीट क्षमता वाले विमानों के संचालन की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन नई उड़ानों और रूटों को लेकर अभी एलाइंस एयर या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अंतिम निर्णय आवश्यक स्वीकृतियों के बाद ही होगा।

What's your reaction?

Related Posts