ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगराष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ को मिले 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेज, 250 नई एमबीबीएस सीटों को मंजूरी

रायपुर। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से छत्तीसगढ़ के गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों वाले पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रदेश में कुल 250 नई एमबीबीएस सीटों का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में स्वास्थ्य और शिक्षा सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक युवा को डॉक्टर बनने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गीदम और कुनकुरी जैसे दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना डबल इंजन सरकार की समावेशी विकास नीति का प्रमाण है। इन संस्थानों से स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि नए मेडिकल कॉलेज चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे तथा छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

What's your reaction?

Related Posts