रायपुर। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में प्रवेश दे रहा है। विश्वविद्यालय ने इंजीनियरिंग, फार्मेसी, मैनेजमेंट, शहरी नियोजन और कार्यरत पेशेवरों के लिए विशेष पाठ्यक्रमों में प्रवेश के अवसर प्रदान किए हैं। विश्वविद्यालय स्तर पर संचालित कई कोर्सों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित है। बीटेक (ऑनर्स) में सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (एआई) तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस) में प्रवेश डीटीई एवं जोसा के माध्यम से होगा। इसके अलावा बी. फार्मा और एमबीए में भी प्रवेश प्रक्रिया डीटीई के माध्यम से संचालित की जा रही है।
वहीं, विश्वविद्यालय स्तर पर एमटेक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में सिविल (स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग), एनवायरनमेंट एंड वाटर रिसोर्स इंजीनियरिंग, एनर्जी एंड एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग, माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स एंड वीएलएसआई, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग एंड बायोइन्फॉर्मेटिक्स तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शामिल हैं। इसके साथ ही मास्टर ऑफ अर्बन प्लानिंग (एम. प्लान) और पीजी डिप्लोमा इन इंडस्ट्रीयल सेफ्टी एंड फायर सेफ्टी मैनेजमेंट में भी प्रवेश दिए जाएंगे। सीएसवीटीयू ने कार्यरत पेशेवरों के लिए भी विशेष अवसर प्रदान किए हैं। इसके तहत वर्किंग प्रोफेशनल कोर्सेज में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, बीटेक सीएसई (एआई), एमटेक सिविल (स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग) और एमटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में प्रवेश उपलब्ध रहेगा। इन पाठ्यक्रमों के लिए अभ्यर्थियों के पास कम से कम एक वर्ष का नियमित पूर्णकालिक कार्य अनुभव होना आवश्यक है। वहीं अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।


















