ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

देशभर में बिगड़ेगा मौसम, एक साथ 5 वेदर सिस्टम एक्टिव; इन राज्यों में भारी बारिश का खतरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, इस समय देश के ऊपर एक साथ पांच साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय हैं, जिससे व्यापक स्तर पर वर्षा की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। IMD के मुताबिक, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में आगामी दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, पहला साइक्लोनिक सर्कुलेशन हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडल में सक्रिय है। दूसरा सिस्टम उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उससे सटे इलाकों पर बना हुआ है। इसके अलावा तीसरा साइक्लोनिक सर्कुलेशन दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है। चौथा सिस्टम पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना हुआ है, जबकि पांचवां साइक्लोनिक सर्कुलेशन अरब सागर के ऊपर सक्रिय है।

IMD ने बताया कि इन मौसमी दशाओं की वजह से आने वाले 4-5 दिनों के लिए उत्तर-पश्चिम से लेकर पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने यह भी कहा है कि जहां एक तरफ उत्तर भारत बादलों की आगोश में रहेगा, वहीं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पश्चिम-मध्य भारत में अगले 7 दिनों तक बारिश की गतिविधियां धीमी रहने के आसार हैं।

कहां-कहां ‘अत्यंत भारी बारिश’ का अलर्ट?

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 21 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और असम एवं मेघालय के लिए भी मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 से 24 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और 21 से 27 जुलाई के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इससे वहां बाढ़ जैसी आफत आने का खतरा है।

कहां रेड और ऑरेंज अलर्ट?

IMD ने ये भी बताया है कि 21 से 23 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में व्यापक बारिश हो सकती है, जबकि 21 से 24 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 23 से 27 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान में काफी ज्यादा बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 21 जुलाई के लिए जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि उत्तराखंड. पश्चिमी यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र, ओडिशा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-NCR में 21 जुलाई को भारी बारिश के आसार

IMD ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। विभाग ने कहा है कि मंगलवार को भारी बारिश होने की संभावना है। 21 जुलाई को दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और तापमान गिरकर 31°C से 33°C के बीच रहने की उम्मीद है, जिससे दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी। वैसे रातभर हुई बारिश के बाद दिल्ली में वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है। मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

कहां-कहां बिजली गिरने की आशंका?

IMD ने कहा है कि उत्तराखंड में 21 से 26 जुलाई; पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21-22 जुलाई; पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 जुलाई; पश्चिमी राजस्थान में 25-26 जुलाई; और पूर्वी राजस्थान में 26 जुलाई को कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद में 21 जुलाई; हिमाचल प्रदेश में 21 जुलाई और 23-25 ​​जुलाई; उत्तराखंड में 21-26 जुलाई; हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 23 जुलाई; पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23-25 ​​जुलाई; पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22-24 जुलाई; पश्चिमी राजस्थान में 20-24 जुलाई; पूर्वी राजस्थान में 20-25 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।

What's your reaction?

Related Posts