ब्रेकिंग खबरें

खेलट्रेंडिंगराष्ट्रीय

पूर्व क्रिकेटर राजेश चौहान पर 17.52 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप

दुर्ग। पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजेश चौहान के खिलाफ जिंदल इस्पात लिमिटेड में ट्रांसपोर्ट का काम दिलाने का झांसा देकर 17.52 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी करने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। न्यायालय ने मोहन नगर थाना प्रभारी को मामले की विवेचना कर अंतिम प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशिक्षु आईपीएस एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) हर्षित मेहर ने बताया कि न्यायालय का आदेश प्राप्त होने के बाद मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित पक्षों से दस्तावेज मंगाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ट्रांसपोर्ट का ठेका दिलाने का झांसा देने का आरोप

शिकायतकर्ता दिनकर विश्वामित्र ने आरोप लगाया है कि उनकी मुलाकात एक परिचित के माध्यम से राजेश चौहान से हुई थी। बातचीत के दौरान राजेश चौहान ने स्वयं को उद्योगपति नवीन जिंदल का करीबी बताते हुए दावा किया कि उनकी गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी को ओडिशा स्थित जिंदल इस्पात लिमिटेड में आयरन और अन्य सामग्री के परिवहन का बड़ा ठेका मिला है। उन्होंने शिकायतकर्ता को इस व्यवसाय में पार्टनर बनाने और अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि विश्वास दिलाने के लिए कथित वर्क ऑर्डर और अन्य दस्तावेज भी दिखाए गए। शिकायत के अनुसार, 30 जुलाई 2021 को दोनों पक्षों के बीच एक इकरारनामा हुआ, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने पहले 2.51 लाख रुपये का भुगतान किया। इसके बाद राजेश चौहान के कहने पर गोविंद ट्रांसपोर्ट कंपनी के खाते में दो किस्तों में 15.01 लाख रुपये और जमा कराए गए। इस प्रकार कुल 17.52 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

जांच में सामने आया कथित फर्जीवाड़ा

शिकायतकर्ता का आरोप है कि लंबे समय तक काम शुरू नहीं होने पर वह स्वयं ओडिशा स्थित जिंदल इस्पात लिमिटेड पहुंचा, जहां कंपनी अधिकारियों से जानकारी लेने पर पता चला कि राजेश चौहान या उनकी किसी ट्रांसपोर्ट कंपनी को ऐसा कोई ठेका कभी नहीं दिया गया था। साथ ही, उन्हें दिखाए गए वर्क ऑर्डर और अन्य दस्तावेज कथित रूप से फर्जी बताए गए।

इसके बाद शिकायतकर्ता ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के निर्देश पर अब मोहन नगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है और इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

What's your reaction?

Related Posts